रेलवे ट्रैक क्रॉस करने के दौरान एक व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई और ट्रेन भी करीब 10 से 15 मिनट तक खड़ी रही। मामला शहर के प्रताप नगर थाना क्षेत्र का है। थाना क्षेत्र के रामधाम के निकट मंगलवार शाम उदयपुर- जयपुर इंटरसिटी ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। सूचना पर प्रताप नगर और कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के पास मिले डॉक्यूमेंट से उसकी पहचान यूपी के विजयवाड़ा निवासी संतु(35) पिता परसराम साख के रूप में की। पुलिस के अनुसार- युवक ने सुसाइड किया है, या वो हादसे का शिकार हुआ है, फिलहाल इसकी जांच की जा रही है। पुलिस ने मृतक के शव को महात्मा गांधी हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में सुरक्षित रखवाया है। परिजनों को सूचित किया है। परिजनों के आने के बाद बुधवार को इसके शव का पोस्टमॉर्टम कर सुपुर्द किया जाएगा।


