भाटखेड़ी में जटिया-जाटव समाज का सामूहिक विवाह सम्मेलन आगामी बसंत पंचमी (23 जनवरी 2026) को आयोजित किया जाएगा। श्री राम जानकी मंदिर समिति भाटखेड़ी के तत्वाधान में यह आयोजन महामाया भादवा माता परिसर स्थित आदित्यनाथ मारू धर्मशाला में होगा। कार्यक्रम की रूपरेखा और व्यवस्थाओं पर चर्चा के लिए समाज के पदाधिकारियों और पंचों की एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में सम्मेलन को व्यवस्थित बनाने के लिए विशेष समितियों का गठन किया गया। पार्किंग, शुद्ध पेयजल, लाइट डेकोरेशन और टेंट व्यवस्था की जिम्मेदारी पदाधिकारियों को सौंपी गई है। सुरक्षा के मद्देनजर परिसर में सिक्योरिटी गार्ड तैनात रहेंगे और चिकित्सा सहायता के लिए मेडिकल टीम भी उपलब्ध रहेगी। समिति ने निर्णय लिया है कि परिणय सूत्र में बंधने वाले प्रत्येक जोड़े को गृहस्थी का आवश्यक सामान भेंट किया जाएगा। इसमें एक बड़ी अलमारी, सोफा सेट, 101 बर्तनों का सेट, चांदी के आभूषण और आकर्षक विवाह पोशाकें शामिल हैं। सम्मेलन को यादगार बनाने के लिए बैंड-बाजा, साउंड सिस्टम, वीडियो शूटिंग और फोटोग्राफी की उत्तम व्यवस्था की गई है। अतिथियों के लिए चाय-नाश्ता और शुद्ध सात्विक भोजन का प्रबंध रहेगा। बैठक में उपस्थित सभी पंचों ने आयोजन को सफल बनाने के लिए अपने सुझाव दिए और संकल्प लिया।


