चर्चित जोन्हा गैरमजरुआ भूखंड मामले को लेकर मंगलवार को अनगड़ा अंचल कार्यालय में सुनवाई हुई। सुनवाई अंचल पदाधिकारी राजू कमल ने की। सुनवाई में प्रथम पक्ष से जोन्हा के ग्रामीण व जोन्हा मुखिया कृष्णा मुंडा व दूसरे पक्ष से रामनारायण भगत (आरएन भगत) शामिल हुए। इस भूखंड पर स्वामित्व को लेकर आरएन भगत ने मूल कागज, डीड, रसीद आदि जमा किया। अंचल पदाधिकारी राजू कमल ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद अमीन महावीर महतो को उक्त भूखंड की मापी कर रिपोर्ट देने को कहा। सुनवाई अगली बैठक में होगी। ज्ञात हो कि जोन्हा मौजा के खाता 163 प्लाट संख्या 1004 कुल रकबा 5.80 एकड़ भूमि के स्वामित्व को लेकर ग्रामीणों ने अंचल कार्यालय में शिकायत की थी।


