10 जनवरी को एसजी पाइपर्स दिल्ली और श्राची बंगाल टाइगर्स के बीच खिताबी मुकाबला मरांग गोमके जयपाल सिंह एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में खेले गए वीमेंस हॉकी इंडिया लीग 2025-26 के मुकाबले में जेएसडब्ल्यू सूरमा हॉकी क्लब ने फाइनल में पहुंच चुकी श्राची बंगाल टाइगर्स को रोमांचक मुकाबले में 3-2 से हराकर अपने अभियान का सकारात्मक अंत किया। भले ही यह मुकाबला अंक तालिका के लिहाज से औपचारिक था, लेकिन दोनों टीमों ने प्रतिस्पर्धा के साथ खेल दिखाया। शानदार प्रदर्शन के लिए सूरमा की सोनम को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। मैच की शुरुआत से ही सूरमा हॉकी क्लब ने आक्रामक तेवर दिखाए। हाई प्रेस और तेज मूवमेंट के जरिए सूरमा ने बंगाल टाइगर्स को बैकफुट पर धकेल दिया। ओलिविया शैनन शुरुआत से ही अटैक की धुरी रहीं। लगातार दबाव का फायदा 10वें मिनट में मिला, जब सोनम ने गोलपोस्ट के सामने मिले मौके को भुनाते हुए टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। पहला क्वार्टर पूरी तरह सूरमा के नियंत्रण में रहा। दूसरे क्वार्टर के 26वें मिनट में सूरमा को लगातार दो पेनाल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन टाइगर्स के डिफेंस ने इन खतरों को टाल दिया। तीसरे क्वार्टर के 37वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर पर लीग की टॉप स्कोरर अगुस्तिना गोर्जेलानी ने हिट लगाकर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। चौथे क्वार्टर के 49वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर पर वैष्णवी की सटीक स्टॉप और पेनी स्क्विब की हिट ने सूरमा को 2-1 की बढ़त दिलाई। 53वें मिनट में एक और पेनाल्टी कॉर्नर से मारिया ग्रेनाटो ने फील्ड गोल कर स्कोर 3-1 कर दिया। टाइगर्स ने अंतिम मिनटों में जोरदार वापसी की और लालरेमसियामी ने पेनाल्टी कॉर्नर के रिबाउंड पर गोल कर अंतर 3-2 कर दिया, लेकिन सूरमा ने आखिरी सेकेंड्स में डिफेंस को मजबूत रखते हुए जीत सुनिश्चित की। हॉकी इंडिया के अध्यक्ष और एचआईएल गवर्निंग कमेटी के चेयरपर्सन डॉ. दिलीप तिर्की ने कहा कि मुख्यमंत्री और अन्य विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी हॉकी इंडिया के लिए गर्व का विषय है। यह सरकार के खेलों के प्रति समर्थन और लीग को मिल रही अंतरराष्ट्रीय पहचान को दर्शाता है। वहीं, हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने कहा कि विमेंस हीरो हॉकी इंडिया लीग महिला खिलाड़ियों को बड़ा मंच प्रदान करने में अहम भूमिका निभा रही है। फाइनल में शामिल होंगे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन रांची वीमेंस हॉकी इंडिया लीग का फाइनल मुकाबला 10 जनवरी को मरांग गोमके जयपाल सिंह एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में एसजी पाइपर्स और श्राची बंगाल टाइगर्स के बीच खेला जाएगा। फाइनल में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। हॉकी इंडिया ने बुधवार को इसकी आधिकारिक पुष्टि की। मौके पर खेल एवं युवा कार्य मंत्री सुदिव्य कुमार और अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ के अध्यक्ष दातो तैयब इकराम विशिष्ट अतिथि मौजूद रहेंगे। वहीं, विधायक कल्पना सोरेन को भी विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है।


