देवास में वॉशिंग सेंटर संचालक ने खुद पर पेट्रोल डाला:नगर निगम की अतिक्रमण कार्रवाई का विरोध किया, टीम बिना कार्रवाई लौटी

देवास में नगर निगम की अतिक्रमण हटाओ मुहिम के दौरान गुरुवार को हंगामा हो गया। एबी रोड पर एक वॉशिंग सेंटर संचालक ने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगाने की धमकी दी, जिसके बाद निगम टीम को बिना कार्रवाई के लौटना पड़ा। जानकारी के अनुसार, एबी रोड पर वॉशिंग सेंटर चलाने वाले शाकिर शेख ने निगम की कार्रवाई का विरोध करते हुए खुद पर पेट्रोल छिड़क लिया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनके प्रतिष्ठान पर कार्रवाई की गई तो वह आत्मदाह कर लेंगे। निगम की टीम मौके पर ओटला हटाने पहुंची थी। आरोप- कर्मचारी लगातार दबाव बनाते हैं
शाकिर शेख ने आरोप लगाया कि नगर निगम के कर्मचारी उन पर लगातार दबाव बनाते हैं और उनके खिलाफ एकतरफा कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि वह सड़क किनारे अपनी दुकान के सामने काम करते हैं, जबकि आसपास के अन्य अतिक्रमणकारियों पर कोई कार्रवाई नहीं होती। शेख ने मांग की कि पहले सभी पर समान कार्रवाई की जाए, उसके बाद ही उन पर कार्रवाई हो। शेख ने यह भी दावा किया कि उनकी दुकान निजी जगह पर है, जिसे तोड़ा जा रहा है। उन्होंने बताया कि वह प्रतिदिन नेट लगाकर वॉशिंग का काम करते हैं और इसके लिए एक चैंबर भी बना रखा है। शाकिर शेख ने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई एक भाजपा नेता की शिकायत पर की जा रही है। उन्होंने प्रशासन से अपील की कि उन्हें बिना किसी परेशानी के अपना काम करने दिया जाए। नगर निगम अधिकारियों ने शाकिर शेख को पेट्रोल छिड़कते देख स्थिति बिगड़ने की आशंका जताई। इसके चलते, वे बिना किसी कार्रवाई के मौके से वापस लौट गए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *