भास्कर न्यूज| सरायकेला सरायकेला नगर क्षेत्र में लगातार बढ़ते अतिक्रमण को लेकर अब प्रशासन सख्त रुख अपनाने जा रहा है। नगर की सड़कों पर फैले अतिक्रमण के कारण आम नागरिकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी को देखते हुए अनुमंडल पदाधिकारी के निर्देशानुसार नगर पंचायत विभाग द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शीघ्र प्रारंभ की जाएगी। हालांकि, प्रशासन की ओर से पहले चरण में माइकिंग के माध्यम से लोगों को स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने का निर्देश जारी किया जाएगा। इस संबंध में सिटी मैनेजर सुमित सुमन ने जानकारी देते हुए बताया कि नगर क्षेत्र की कई प्रमुख सड़कें अतिक्रमण के कारण काफी संकीर्ण हो गई हैं, जिससे दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण के कारण न केवल आम नागरिकों बल्कि स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और आपातकालीन सेवाओं को भी परेशानी हो रही है। इसी वजह से नगर पंचायत विभाग द्वारा यह निर्णय लिया गया है कि पहले लोगों को जागरूक किया जाए और स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने का अवसर दिया जाए। सुमित सुमन ने बताया कि इस मुद्दे को लेकर शीघ्र ही स्थानीय चेंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधियों के साथ एक बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में चेंबर ऑफ कॉमर्स को वर्तमान स्थिति से अवगत कराते हुए दुकानदारों से अपील की जाएगी कि वे स्वयं आगे बढ़कर सड़क पर किए गए अतिक्रमण को हटा लें, ताकि प्रशासन को बल प्रयोग करने की आवश्यकता न पड़े। उन्होंने यह भी बताया कि नगर क्षेत्र की मुख्य सड़कों पर अतिक्रमण की स्थिति सबसे अधिक गंभीर है। विशेष रूप से पुरानी बस स्टैंड से थाना चौक तक, संजय चौक से कालूराम चौक तक तथा धर्मशाला रोड पर कई दुकानदारों द्वारा जानबूझकर सड़क के हिस्से पर कब्जा किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समयावधि के बाद भी यदि अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो नगर पंचायत द्वारा सख्त कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाया जाएगा। भास्कर न्यूज | सरायकेला सरायकेला-खरसावां जिले में आमजनों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य मेला वृहद स्तर पर आयोजित किया जा रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार को जिले के सरायकेला, कुचाई, गम्हरिया, चांडिल, राजनगर, ईचागढ़ एवं नीमडीह प्रखंड में एक साथ प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य मेला का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। सिविल सर्जन डॉ. सरयू प्रसाद सिंह ने बताया कि सरायकेला प्रखंड का स्वास्थ्य मेला सीनी स्वास्थ्य केंद्र परिसर में आयोजित किया जाएगा। मेले के सफल संचालन के लिए पर्याप्त संख्या में चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ और स्वास्थ्य कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। रजिस्ट्रेशन काउंटर पर सुशीला तिर्की, प्रेमचंद महतो और विष्णु कांत महतो को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं एनसीडी काउंटर पर डॉ समीर कुमार, अमृता महतो, नमिता बरला और कंचन टोप्पो अपनी सेवाएं देंगे। टेलीमेडिसिन सुविधा के लिए संगीता सुंडी, शोभा महतो एवं हिरमा कुमारी की प्रतिनियुक्ति की गई है। ओपीडी का संचालन डॉ. समीर कुमार, भारती व प्रशांत कुमार महतो द्वारा किया जाएगा। आयुष विभाग, आरबीएसके, आरकेएसके के तहत डॉ. विशाल, प्रभा, विमला और महावीर महतो भी अपनी सेवाएं देंगे। स्वास्थ्य मेले में मातृत्व व शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, नेत्र जांच, ईएनटी, मोतियाबिंद, दंत चिकित्सा, पोषण परामर्श, त्वचा रोग, मलेरिया, टीबी, कुष्ठ रोग एवं कैंसर जैसी बीमारियों की स्क्रीनिंग की जाएगी। साथ ही धूम्रपान व तंबाकू सेवन के दुष्प्रभाव, किशोर-किशोरियों की स्वास्थ्य जांच और डिजिटल हेल्थ कार्ड लाभुकों को उपलब्ध कराई जाएगी।


