ढोका मोहल्ला में दो फीट तक काला पानी भरा, 300 से अधिक लोग घरों में कैद

भास्कर न्यूज | लुधियाना शिवाजीनगर नाला कवर करने के लिए नाले का पानी रोकने पर गंदगी व काला पानी बैक मारकर मोहल्ले में घुस गया। पानी की निकासी नहीं होने के कारण करीब 300 से अधिक लोग गंदे पानी के कारण घरों में कैद हो गए। बदबूदार पानी के कारण लोगों को समस्याओं का सामना करना पड़ा है। इन दिनों शिवाजीनगर नाले को कवर करने का काम चल रहा है। इस नाले को ढकने के लिए नाले के किनारे खुदाई कर निर्माण कार्य किया जा रहा है। नाले में आ रहे पानी को सीवरलाइन में डायवर्ट किया गया है जिसके चलते नाले के बीच में मिट्‌टी डालकर व मोटा पाइप जोड़कर नाले का पानी सीवरलाइन में कनेक्ट किया गया है। काम शुरू होने के साथ ही अब आसपास रहने वाले लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। मंगलवार को नाले का पानी सीवरलाइन से बैक मार गया जिसके चलते गंदगी व काला पानी ढोका मोहल्ला की गली नंबर एक, दो और तीन में घुस गया। गली में एक फीट से दो फीट तक पानी जमा होता चला गया। सुबह 11 बजे यह स्थिति देखकर निवासी परेशान हो गए। दोपहर तीन बजे तक बदबूदार पानी घरों के बाहर जमा होने पर उन्हांेने रोष जताया और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को इसकी सूचना दी। कांग्रेस नेता मांगा शर्मा ने बताया कि कुछ दिनों पहले भी गंदगी व काला पानी घरों के बाहर जमा हो गया था। एक सप्ताह के बाद फिर से यह स्थिति उत्पन्न हो गई है। ढोका मोहल्ला को बरसात के समय यह परेशानी झेलनी पड़ती थी लेकिन अब यह स्थिति उत्पन्न हो रही है। कहा कि घरों के बाहर गंदगी मंें जीना दूभर हो गया है। निगम के उच्च अधिकारियों ने निरीक्षण करना तक मुनासिब नहीं समझा। बताया कि शिवाजीनगर नाले का काम समय से शुरू नहीं किया गया और निवासियों की समस्याओं को लेकर पहले ही कोर्ट में याचिका दायर की गई है।बकायदा गंदे पानी के फोटो तक कोर्ट में जमा किए गए हैं। कहा कि याचिका के बाद कोर्ट ने निगम अफसरों को तलब किया गया था। कांग्रेस नेता मांगा शर्मा ने कहा कि निगम के अधिकारियों की लापरवाही के कारण ऐसा हो रहा है। कहा कि निगम इंजीनियरों ने कोई प्लानिंग नहीं की जिसके चलते यह समस्या निवासियों को झेलनी पड़ रही है।ठेकेदार के भरोसे ही काम छोड़ दिया गया है। निगम की लापरवाही का खामियाजा जनता को भुगतना पड़ रहा है। यही स्थिति रही तो लोग बीमार हो जाएंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *