भास्कर न्यूज | अमृतसर मनरेगा में किए जा रहे बदलावों के विरोध में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने प्रदर्शन किया। जहां पंजाब कांग्रेस ने राज्यस्तरीय आंदोलन की शुरुआत कर दी वहीं आप के एससी विंग माझा जोन ने भंडारी पुल पर केंद्र सरकार का पुतला फूंका। कांग्रेस का आंदोंलन आंदोलन करीब 15 दिन तक चलेगा, इस दौरान प्रदेश के अलग-अलग जिलों में सभाएं होंगी। वीरवार को पंजाब कांग्रेस के प्रभारी और छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल, पंजाब कांग्रेस प्रधान राजा अमरिंदर सिंह वड़िंग अमृतसर पहुंचे। पंजाब कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल ने कहा कि मनरेगा गरीब और मजदूर वर्ग की लाइफलाइन है मगर केंद्र और पंजाब सरकार ने मिलकर योजना को खत्म करने का मन बना लिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मनरेगा के जरिए मजदूरों के साथ सीधा धोखा किया जा रहा है। वहीं पंजाब कांग्रेस प्रधान राजा अमरिंदर सिंह वड़िंग ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने फंड में कटौती की और पंजाब सरकार ने अपना हिस्सा न डालकर योजना को लगभग ठप कर दिया है। वड़िंग ने कहा कि पहले मनरेगा में केंद्र सरकार 90 फीसदी और राज्य सरकार 10 फीसदी हिस्सा देती थी, लेकिन अब नई व्यवस्था के तहत राज्य सरकार पर 40 फीसदी का बोझ डाल दिया गया है। पंजाब की कमजोर आर्थिक स्थिति में यह संभव नहीं है। उन्होंने बायोमेट्रिक हाजिरी और ऐप आधारित सिस्टम पर भी सवाल उठाए और कहा कि इससे बुजुर्ग मजदूरों को काम मिलना मुश्किल हो गया है। इस अवसर पर कांग्रेस नेता डॉ. राजकुमार वेरका व अन्य नेता मौजूद रहे।


