भास्कर न्यूज | लुधियाना हर-हर महादेव शिवरात्रि महोत्सव कमेटी द्वारा आगामी 8 फरवरी को आयोजित होने वाली रथयात्रा की तैयारियां जोरों पर हैं। संत समाज के पावन सानिध्य में निकलने वाली इस यात्रा को लेकर शहर की प्रमुख राजनीतिक, धार्मिक और सामाजिक संस्थाओं को निमंत्रण देने का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी में चेयरमैन जीवन गुप्ता और प्रधान अश्वनी बहल की अध्यक्षता में कमेटी के सदस्यों ने न्यू यंग फाइव स्टार क्लब के अध्यक्ष राजेश जैन बॉबी को विशेष रूप से आमंत्रित किया। निमंत्रण स्वीकार करते हुए राजेश जैन बॉबी ने कहा कि धार्मिक आयोजन न केवल हमें अपनी संस्कृति और धर्म का ज्ञान देते हैं बल्कि इनके माध्यम से ईश्वर की असीम कृपा भी प्राप्त होती है। साथ ही उन्होंने घोषणा की कि वे अपने परिवार सहित इस भव्य रथयात्रा में सम्मिलित होकर बाबा का आशीर्वाद लेंगे और लुधियाना वासियों से भी इस यात्रा में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। कमेटी के प्रधान अश्वनी बहल ने इस यात्रा की महिमा बताते हुए कहा कि शिवरात्रि रथयात्रा में भोले बाबा के रथ को मात्र दो कदम खींचने से श्रद्धालु को कुंभ स्नान के समान पुण्य फल प्राप्त होता है। दविंदर बहल गोगा और सुभाष नागपाल ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक विस्तृत रूट मैप तैयार किया गया है, जिसके अनुसार यात्रा का प्रारंभ दोपहर 1 बजे श्री दुर्गा माता मंदिर जगराओं पुल से होगा।


