ट्रैफिक अनुशासन पर जागरूकता, जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश

भास्कर न्यूज । लुधियाना सतीश चंद्र धवन गवर्नमेंट कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) यूनिट द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष कैंप का दूसरा दिन पूरे उत्साह, अनुशासन और सामाजिक जागरूकता के माहौल में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह कैंप कॉलेज के प्रिंसिपल प्रोफेसर (डॉ.) गुरशरन जीत सिंह संधू के कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है। दिन की शुरुआत सुबह एरोबिक्स सत्र से हुई, जिसमें एनएसएस वॉलंटियर्स को शारीरिक फिटनेस, ऊर्जा और अनुशासन का महत्व समझाया गया। इसके बाद रोड सेफ्टी पर एक जानकारीपूर्ण सत्र आयोजित किया गया, जिसमें ट्रैफिक पुलिस लुधियाना के हेड कांस्टेबल जसवीर सिंह और चिल्ड्रन्स पार्क लुधियाना से काजल सिंह मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। दोनों वक्ताओं ने सड़क सुरक्षा नियमों, ट्रैफिक अनुशासन और दुर्घटनाओं से बचाव को लेकर अपने अनुभव साझा किए और छात्रों को जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया। नशा मुक्त समाज के निर्माण की शपथ दिलाई :पॉलिटिकल साइंस विभाग से प्रो. परविंदर कुमार ने नशे के दुष्प्रभावों पर एक गंभीर और विचारोत्तेजक व्याख्यान दिया। उन्होंने समाज पर नशे के बढ़ते खतरे को रेखांकित करते हुए छात्रों को ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ और ‘युद्ध नशेयां विरुद्ध’ से सक्रिय रूप से जुड़ने के लिए प्रेरित किया और नशा मुक्त समाज के निर्माण की शपथ दिलाई। दिन के अगले चरण में एनएसएस वॉलंटियर्स ने स्वच्छता अभियान चलाया, जिसके माध्यम से साफ-सफाई, स्वच्छ वातावरण और स्वस्थ जीवनशैली को लेकर जागरूकता फैलाई गई। इसके साथ ही छात्रों को मानसिक रूप से मजबूत, सक्रिय और फुर्तीला बनाने के उद्देश्य से विभिन्न खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों का संचालन बाबा साहेब भीम राव अंबेडकर गवर्नमेंट को-एजुकेशन कॉलेज, जालंधर के प्रोफेसर डॉ. हरबलास हीरा के मार्गदर्शन में किया गया। खेलों के माध्यम से छात्रों में टीम भावना, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का विकास हुआ। कैंप के सफल आयोजन में एनएसएस ऑफिसर्स डॉ. देविना घई, डॉ. सौरभ कुमार, प्रो. संजीव कुमार और प्रो. राहुल धीमान का विशेष योगदान रहा। कैंप का दूसरा दिन वॉलंटियर्स के लिए अत्यंत प्रेरणादायक साबित हुआ, जिसने उनमें सेवा भावना और सामाजिक जिम्मेदारी की मजबूत सोच विकसित की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *