लुधियाना| गुरु अंगद देव वेटरनरी एवं एनिमल साइंसेज यूनिवर्सिटी (गडवासु), लुधियाना की ओर से पशुपालन व्यवसाय से जुड़े प्रगतिशील किसानों को दिए जाने वाले मुख्यमंत्री पुरस्कार के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इन पुरस्कारों के लिए आवेद न जमा करवाने की अंतिम तिथि 06 फरवरी 2026 निर्धारित की गई है। उप-कुलपति डॉ. जतिंदर पाल सिंह गिल ने बताया कि यह पुरस्कार भैंस पालन, मत्स्य पालन, सुअर पालन और बकरी पालन जैसे पशुपालन व्यवसायों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को प्रदान किए जाएंगे। ये पुरस्कार 20 और 21 मार्च 2026 को विश्वविद्यालय में आयोजित होने वाले पशुपालन मेले के दौरान दिए जाएंगे, जिनमें नकद राशि और प्रशस्ति पत्र शामिल होंगे। निदेशक प्रसार शिक्षा डॉ. रविंदर सिंह ग्रेवाल ने बताया कि इच्छुक पशुपालक आवेदन पत्र यूनिवर्सिटी के निदेशक प्रसार शिक्षा कार्यालय, लुधियाना अथवा अपने जिले के कृषि विज्ञान केंद्र से प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा आवेदन पत्र यूनिवर्सिटी की वेबसाइट पर उपलब्ध निर्धारित प्रोफार्मा लिंक से भी डाउनलोड किए जा सकते हैं। पशुपालकों को अपने आवेदन पत्र पूर्ण विवरण सहित, जिसमें उनके अनुभव और फार्म की फोटो आदि संलग्न हों, 06 फरवरी 2026 तक निदेशक प्रसार शिक्षा के कार्यालय में जमा करवाने होंगे।


