ट्रैफिक पुलिस और एंटी क्राइम एंड एनिमल प्रोटेक्शन एसोसिएशन ने पशुओं को लगाए रिफ्लेक्टर

भास्कर न्यूज | अमृतसर एंटी क्राइम एंड एनिमल प्रोटेक्शन एसोसिएशन ने अमृतसर ट्रैफिक पुलिस के सहयोग से लौहगढ़ चौक में सड़कों पर घूम रहे पशुओं को रिफ्लेक्टर लगाए। यह अभियान विशेष रूप से धुंध के मौसम को ध्यान में रखते हुए चलाया गया, ताकि रात और कम दृश्यता के समय दुर्घटनाओं को रोका जा सके। एसोसिएशन के चेयरमैन डॉ. रोहन मेहरा ने बताया कि अमृतसर के पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर और एडीसीपी ट्रैफिक अमनदीप कौर के दिशा-निर्देशों के अनुसार यह अभियान चलाया गया। इसमें एसीपी ट्रैफिक परमजीत सिंह, इंस्पेक्टर विक्रांत शर्मा, हेड कांस्टेबल साल्वांत सिंह तथा लेडी हेड कांस्टेबल लवप्रीत कौर ने संस्था के सदस्यों के साथ मिलकर गायों को रिफ्लेक्टर पहनाए। डॉ. रोहन मेहरा ने कहा कि उनकी संस्था हर वर्ष पंजाब पुलिस के ट्रैफिक एजुकेशन सेल के साथ मिलकर इस तरह के अभियान चलाती है, ताकि सड़क पर घूम रहे पशु दूर से ही दिखाई दें और वाहन चालकों को सतर्क किया जा सके। एसीपी ट्रैफिक परमजीत सिंह ने बताया कि पंजाब पुलिस द्वारा उन सभी स्थानों पर रिफ्लेक्टर लगाए जा रहे हैं, जहां इसकी आवश्यकता है। इसका उद्देश्य सड़क सुरक्षा को मजबूत करना और दुर्घटनाओं में कमी लाना है। इस मौके पर समाज सेवी गुलशन भाटिया, देव पांडे, दिव्यांश, संजीव शर्मा, बाबा तरसेम सिंह, पंकज केशव आदि मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *