भास्कर न्यूज | राजनांदगांव डोंगरगढ़ के बाद अब गंडई के वन क्षेत्र में बाघ के पदचिन्ह देखे गए हैं। पद चिन्ह की जानकारी मिलते ही वन विभाग ने आसपास के गांव में अलर्ट जारी कर दिया है। बाघ के मूवमेंट की निगरानी का प्रयास किया गया है, हालांकि अब तक बाघ को किसी ने देखा नहीं है। बीते वाइल्ड लाइफ रिसर्च से जुड़ी टीम के सदस्यों ने गंडई इलाके के जंगल में बाघ के पदचिन्ह देखे। इसके बाद टीम ने इसकी सूचना वन अमले को दी। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर पद चिन्ह बाघ के होने की पुष्टि की है। दावा है कि पदचिन्ह वयस्क बाघ के हैं। इसके पहले डोंगरगढ़ के ढारा से लगे घने जंगल वाले हिस्से में बाघ के पदचिन्ह देखे गए थे। वन अमले का दावा है कि वही बाघ मूवमेंट करते हुए गंडई के जंगल तक पहुंचा है। हालांकि अब तक किसी भी हिस्से में शिकार के अवशेष नहीं मिले हैं। इससे भी वन विभाग अचंभित है। बाघ को कैप्चर करने कैमरा ट्रैप भी लगाया गया था। लेकिन उसमें भी बाघ की तस्वीर नहीं आई। इधर आसपास के करीब 17 गांवों में अलर्ट जारी किया गया है।


