बारां| राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह में जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं सुरक्षित यातायात के लिए गुरुवार को फतेहपुर टोल प्लाजा पर नेत्र जांच एवं सड़क सुरक्षा जागरूकता शिविर लगाया। डीटीओ एवं सड़क सुरक्षा की नोडल अधिकारी डॉ. कल्पना शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान नेत्र विशेषज्ञ डॉ. राम विदेश मीना ने फतेहपुर टोल प्लाजा के कर्मचारियों, दोपहिया वाहन चालकों एवं ट्रक चालकों की आंखों की जांच की। वाहन चालकों को बताया कि सुरक्षित वाहन संचालन के लिए आंखों की अच्छी रोशनी अत्यंत आवश्यक है। कमजोर दृष्टि सड़क दुर्घटनाओं का एक प्रमुख कारण बन सकती है। इस दौरान जिला सड़क सुरक्षा समिति की टीम ने आमजन एवं वाहन चालकों को हेलमेट, सीट बेल्ट, वैध ड्राइविंग लाइसेंस के उपयोग तथा सुरक्षित एवं अनुशासित ड्राइविंग के प्रति जागरूक किया। साथ ही सड़क सुरक्षा से संबंधित जानकारी दी। कार्यक्रम में एमवीआई इंस्पेक्टर नवरत्न मीणा, जिला रोलआउट मैनेजर त्रिदेव सेन एवं एनजीओ प्रतिनिधि हरीश कुमार भी उपस्थित रहे।


