भास्कर संवाददाता | बैतूल नगरपालिका के स्वच्छता अमले ने शहर के गंज क्षेत्र में प्लास्टिक की जांच के लिए अभियान चलाया। इस दौरान अमानक किस्म की प्रतिबंधित प्लास्टिक को तलाशने 8 दुकानों जांच करके अमानक पॉलीथिन जब्त की गई। इस दौरान गंज शनि मंदिर के आसपास के क्षेत्र में 8 दुकानों से 15 किलो अमानक पॉलीथिन जब्त करके इसे नष्ट करवाया। इन दुकानदारों पर 11 हजार 800 रुपए का जुर्माना किया। इस कार्रवाई के दौरान नपा के सेनेटरी इंस्पेक्टर संतोष धनेलिया समेत अन्य अधिकारी शामिल थे। इस पूरी कार्रवाई के दौरान कई दुकानदार कार्रवाई से बचने के लिए हथकंडे और एप्रोच लगाते रहे लेकिन उनकी एक नहीं चली। आखिरकार उन्हें जुर्माने की राशि रसीद कटवाकर जमा करवानी पड़ी। भास्कर ने हाल ही में अमानक पॉलीथिन और शहर के प्लास्टिक कचरे के अंबार के मामले को उजागर किया था। इसके बाद नपा के स्वच्छता अमले ने एक्शन मोड पर आकर कार्रवाई शुरू की है। लगातार यह कार्रवाई जारी रहेगी। वर्तमान में शहर के गंज हाथी नाले में थर्माकोल बड़े पैमाने पर डंप किया जा रहा है। कई बार पूरा नाला चोक हो जाता है। कोठी बाजार में भी कमानी गेट से लल्ली चौक तक पॉलीथिन जमा रहती है।


