बोकारो | झारखंड सरकार ने राज्य वित्त आयोग की सिफारिशों के आधार पर ग्राम पंचायतों को उन्हें अपने बैंक खाते खोलने का निर्देश दिया है। पंचायतीराज विभाग के निर्देश पर देवघर में कुल 249 पंचायतों में मुखिया व पंचायत सचिव के नाम से संयुक्त बैंक खाते खुलेंगे। जिला पंचायतीराज पदाधिकारी द्वारा सभी मुखिया व पंचायत सचिव को खाता खुलवाने का निर्देश दिया जा चुका है, साथ ही पंचायत समिति में बीडीओ व जिला परिषद में डीडीसी के नाम से बैंक खाते खोल लिए गए हैं। ग्राम पंचायत, पंचायत समिति व जिला परिषद में केंद्र व राज्य स्तर के वित्त आयोगों से प्राप्त राशि सीधी भेजी जाएगी। तीनों इकाइयों में आत्मनिर्भर बनाने सहित आय बढ़ाने के लिए आयोग से यह वित्त सहयोग दी जाएगी। इस राशि से पंचायतीराज की तीनों इकाइयां विकास योजनाओं को धरातल पर उतारेगी। इस राशि से पंचायत प्रतिनिधियों को अपने अधिकार क्षेत्र में विकास कार्यों की योजना बनाने व क्रियान्वित करने की शक्ति प्राप्त होगी।


