सनातन धर्म राजकीय महाविद्यालय ब्यावर में एनएसएस, एनसीसी महिला नीति एवं महिला प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में राजकीय अमृतकौर अस्पताल के सहयोग से आपातकालीन परिस्थितियों में चिकित्सकीय सहायता हेतु प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में डॉ संजय शर्मा, नर्सिंग अधिकारी गजपाल सिंह राठौड़, रेशमा पटेल की उपस्थिति में चलाए गए अभियान के तहत विद्यार्थियों को सिखाया गया कि किसी व्यक्ति की जान बचाने के लिए आपात स्थिति में त्वरित कदम कैसे उठाए जाएं। डॉ. संजय शर्मा ने आपातकालीन जीवन रक्षक तकनीक सीपीआर के बारे में विस्तार पूर्वक बताया। डॉ. शर्मा ने मिर्गी रोगी के लिए प्राथमिक उपचार का तरीका बताया। नर्सिंग अधिकारी गजपाल सिंह राठौड़ ने मानसिक बीमारियों के रोगियों को अंधविश्वास न मानते हुए उनको चिकित्सकीय परामर्श दिलाने की सलाह दी। रेशमा पटेल ने शारीरिक व मानसिक बीमारियों से बचने के लिए सभी प्रकार के नशे से दूर रहने का आह्वान किया। विद्यार्थियों द्वारा पूछे गए विभिन्न प्रश्नों का क्रमश चिकित्सा विभाग की टीमने जवाब दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही प्राचार्य डॉ. रेखा मंडोवरा ने कहा कि सभी को आपातकालीन जीवन रक्षक टेक्निक्स सीखना अति आवश्यक है जिससे किसी व्यक्ति की जान बचाई जा सके। एनएसएस के जिला समन्वयक डॉ. मंदरुपराम देवड़ा ने प्राथमिक उपचार के पश्चात पीड़ित को अस्पताल पहुंचाना भी जरूरी दायित्व है के बारे में बताया। वरिष्ठ संकाय सदस्य प्रोफेसर नरेंद्र कुमार वैष्णव ने चिकित्सा दल का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में शैक्षणिक व गैर शैक्षणिक स्टाफ, एनएसएस के स्वयंसेवक, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट के रोवर्स एवं रेंजर्स व अन्य विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।


