बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में बाघों के लिए बुरी खबर सामने आई है। नए साल के शुरुआती नौ दिनों में ही तीन बाघों की क्षति हुई है, जिसमें एक शावक को लापता है, एक शावक को मृत मिला है और शाम एक वयस्क बाघ का शव कुएं से बरामद हुआ है। प्रबंधन इन सभी मामलों की जांच में जुटा है। ताला परिक्षेत्र में सोमवार को एक नौ माह का शावक फेंसिंग कूदकर जंगल की ओर भाग गया था। चौथे दिन भी यह शावक लापता है और वन विभाग की टीमें उसकी तलाश कर रही हैं। इसी परिक्षेत्र के आमानाला में बुधवार को एक अन्य नौ माह के शावक का शव मिला था। पोस्टमॉर्टम के बाद उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया है। इस मामले में भी प्रबंधन जांच कर रहा है। बफर परिक्षेत्र में एक कुएं में वयस्क बाघ का शव मिला इन घटनाओं के बीच, धमोखर बफर परिक्षेत्र से जुड़े राजस्व क्षेत्र में एक कुएं में एक बाघ का शव मिला। यह शव गुरुवार को बरामद हुआ था। आज शुक्रवार को डॉग स्क्वायड की मदद से आसपास के क्षेत्र की तलाशी ली जाएगी, जिसके बाद पोस्टमॉर्टम और अंतिम संस्कार किया जाएगा। धमोखर बफर परिक्षेत्र के अधिकारी सचिन सिंह ने बताया कि शव लगभग दो दिन पुराना हो सकता है और पानी से निकालने के बाद ही जांच में कुछ स्पष्ट हो पाएगा। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में 1 जनवरी से शुरू हुए नए वर्ष के मात्र नौ दिनों में तीन बाघों की क्षति बाघ प्रेमियों के लिए चिंता का विषय है। पिछली गणना में टाइगर रिजर्व में 165 से अधिक बाघ दर्ज किए गए थे।


