अशोकनगर में महिला-बच्चों का धर्म परिवर्तन:दो महिलाओं पर FIR, ऑनलाइन मीटिंग में किया ब्रेनवाश, पैसों का लालच देकर बनाया दबाव

अशोकनगर जिले के चंदेरी में धर्म परिवर्तन के मामले में पुलिस ने गुरुवार को दो महिलाओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। एक बुनकर युवक ने आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी और दो बच्चों का हिंदू धर्म से ईसाई धर्म में परिवर्तन करा दिया गया है और उस पर भी धर्म बदलने का दबाव बनाया जा रहा है। चंदेरी निवासी अखिलेश कोली ने पुलिस को बताया कि वह साड़ी बुनाई का काम करता है। उसकी पत्नी जानकी और दो बेटे प्रियांश (15) व अनुराग (13) हैं। करीब सात-आठ महीने पहले उसकी रिश्तेदार मिनी कोली (निवासी नरवर, शिवपुरी) और रक्षा कोली, जो पहले ही ईसाई धर्म अपना चुकी थीं, उनके संपर्क में आईं थीं। ऑनलाइन होती थीं मीटिंग अखिलेश के अनुसार, दोनों महिलाओं ने लगातार उसकी पत्नी से मोबाइल पर संपर्क किया और ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित किया। मोबाइल फोन पर ऑनलाइन धर्म से जुड़ी मीटिंग भी कराई जाती थीं। धीरे-धीरे परिवार में तनाव बढ़ने लगा और पत्नी व बच्चे हिंदू धर्म छोड़कर ईसाई धर्म मानने लगे। आर्थिक लाभ का भी दिया गया लालच आरोप है कि मिनी और रक्षा ने यह भी कहा कि ईसाई धर्म अपनाने पर संस्थाओं से आर्थिक मदद और पैसा मिलेगा। इसी कारण पत्नी और बच्चे अखिलेश पर भी धर्म परिवर्तन का दबाव बना रहे थे। पुलिस ने दर्ज किया मामला परेशान होकर अखिलेश ने पहले पुलिस अधीक्षक को आवेदन दिया, इसके बाद चंदेरी थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मिनी कोली, रक्षा कोली और अन्य लोगों के खिलाफ मध्य प्रदेश धर्म स्वतंत्रता अधिनियम 2021 की धारा 3/5 के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एफआईआर गुरुवार रात दर्ज की गई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *