जगद्गुरु श्री रामानंदाचार्य जी महाराज का 726वां प्राकट्य महामहोत्सव शुक्रवार को मनाया जाएगा। इस अवसर पर संत वाहन रैली के रूप में नगर भ्रमण करेंगे। अनन्त श्री विभूषित श्री आचार्य सम्राट जगद्गुरु स्वामी श्री रामानंदाचार्य जी महाराज का 726वाँ जयंती महोत्सव 10 जनवरी, शनिवार को समस्त वैष्णव संप्रदाय के संत-महंत, महामंडलेश्वर एवं वैष्णव बैरागी समाजजनों द्वारा हर्षोल्लास के साथ रामानंदाचार्य चौक (खाकचौक) पर आयोजित किया जाएगा। महामहोत्सव की पूर्व संध्या पर शुक्रवार शाम 4 बजे कोयला फाटक स्थित खेड़ापति हनुमान मंदिर से संतों एवं वैष्णव बैरागी समाज के सदस्यों की वाहन रैली निकाली जाएगी। यह रैली पाटीदार ब्रिज, टॉवर, मालीपुरा, नई सड़क, कंठाल और बुधवारिया होते हुए खाकचौक पहुंचेगी। शोभायात्रा भी निकलेगी वहीं, 10 जनवरी को प्रातः 8 बजे गोपाल मंदिर से शोभायात्रा शुरू होगी, जो कंठाल, तेलीवाड़ा, बुधवारिया और अंकपात होते हुए रामानंदाचार्य चौक (खाकचौक) पहुंचेगी। यहां सुबह 11 बजे स्वामी श्री के विग्रह का पूजन और दिव्य महाभिषेक होगा। दोपहर 12 बजे संतों के आशीर्वचन और दोपहर 2 बजे प्रसादी भंडारे का आयोजन किया जाएगा। महामहोत्सव की अध्यक्षता महंत डॉ. रामेश्वरदास जी महाराज करेंगे, जो रामादल अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष हैं।


