शिवपुरी में कड़ाके की ठंड के कारण नर्सरी से कक्षा 8वीं तक के स्कूलों को दो दिन के लिए बंद कर दिया गया है। कलेक्टर रविन्द्र कुमार चौधरी के निर्देश पर 9 और 10 जनवरी 2026 को अवकाश घोषित किया गया है। गुरुवार रात न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन की सबसे ठंडी रात रही। जिले में अधिकतम तापमान भी 21 डिग्री सेल्सियस तक सीमित रहा। हालांकि पिछले दो दिनों से कोहरे से कुछ राहत मिली है, लेकिन गिरते पारे ने आमजन और किसानों दोनों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। यह आदेश जिले के सभी शासकीय, अशासकीय, अनुदान प्राप्त, सीबीएसई और आईसीएसई विद्यालयों पर लागू होगा। जिला शिक्षा अधिकारी के अनुसार, अवकाश के दौरान शिक्षक विद्यालय में उपस्थित रहकर शासकीय कार्य करेंगे, जबकि पूर्व निर्धारित परीक्षाएं अपने तय कार्यक्रम के अनुसार ही संचालित होंगी। यह निर्णय विद्यार्थियों के स्वास्थ्य, आवागमन और हितों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। कड़ाके की ठंड के बावजूद किसान इन दिनों गेहूं की फसल में सिंचाई का काम कर रहे हैं। अधिकतर क्षेत्रों में रात के समय पंप फीडर की बिजली आपूर्ति होने से किसानों को भीषण ठंड में खेतों में काम करना पड़ रहा है, जिससे उनके धैर्य और स्वास्थ्य दोनों की परीक्षा हो रही है। पिछले सात दिनों में शिवपुरी में न्यूनतम तापमान में लगभग 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। रात के समय गलन बढ़ गई है और लोग ठंड से बचाव के लिए अलाव का सहारा ले रहे हैं। मौसम विभाग ने फिलहाल ठंड से राहत के आसार कम बताए हैं, इसलिए लोगों को सतर्क रहने और बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी गई है। पिछले सात दिनों का तापमान रिकॉर्ड


