नर्मदापुरम के बालागंज क्षेत्र में बिजली कनेक्शन काटने से नाराज दो भाई ने बिजली कंपनी के अधिकारी, कर्मचारियों से विवाद किया। दोनों भाइयों ने बिजली कंपनी के एई, लाइनमैन और आउटसोर्स कर्मी को घेरकर उनसे झुमाझटकी की और धक्का दिया। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। कनेक्शन जोड़ने का बहाना करके बिजली कंपनी के तीनों व्यक्ति मौके से भाग निकल आएं। जिसके बाद गुरुवार रात को उन्होंने विवाद करने वाले सैयद अशरफ अली और उसके भाई टोनी निवासी बालागंज फूटा कुआं के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कराया। बिजली कंपनी के जोन 1 के एई भरत सिंह ने बताया विद्युत सहायक जितेन्द्र पटेल, हरिशंकर यादव के साथ में बकाया बिल वसूली के लिए हम बालागंज क्षेत्र में हुए थे। आरोपी सैयद अशरफ अली के घर पर मुमताज अली के नाम का कनेक्शन है। जिसका बिल एक लाख 1087 रुपए बकाया है। डेढ़ साल में केवल उन्होंने 2 बार 12 हजार और 17 हजार रुपए बिल जमा किया है। अभी भी 1,01087 रुपए बाकी है। जब उनसे बिल जमा करने को कहा तो अशरफ ने दो दिन बाद बिल भुगतान का कहने लगा। एई ने बताया हर बार इसी प्रकार समय मांगते है। इसलिए नियमानुसार हमने बिजली कनेक्शन जितेन्द्र पटेल से कटवा दिया। जिससे सैयद अशरफ अली गालियां देने लगा। तूने मेरा कनेक्शन कैसे काट दिया, कहते हुए झूमाझटकी करने लगा। कुछ देर बाद अशरफ का भाई टोनी भी आ गया। जिसने भी मुझे और जितेन्द्र पटेल को बिजली कनेक्शन क्यों काटा कहते हुए झूमाझटकी करने लगा। हम दोनों को हाथ पकड़कर धक्का दे दिया। दोनों आरोपी ने धमकाया कि बिजली बिल का पैसा माँगने मेरे घर आए हम तुम्हे जान से खत्म कर देंगे।


