बालाघाट कलेक्टर मृणाल मीणा ने धान खरीदी में अनियमितताओं की जांच और हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड (HCL) से बकाया 2.08 करोड़ रुपए की वसूली के आदेश दिए हैं। यह निर्देश राजस्व अधिकारियों की बैठक के दौरान दिए गए। लांजी और किरनापुर तहसीलों में धान उपार्जन लक्ष्य से 100 प्रतिशत से अधिक हो गया है। इन क्षेत्रों में अत्यधिक वर्षा और महू बीमारी के प्रकोप के बावजूद इतनी बड़ी मात्रा में धान की खरीदी ने संदेह पैदा कर दिया है। कलेक्टर ने लांजी और किरनापुर के एसडीएम को इस मामले की विस्तृत जांच करने का निर्देश दिया है। साथ ही, 100 क्विंटल से अधिक धान बेचने वाले किसानों का सत्यापन करने को भी कहा गया है। HCL से एक साल से बकाया 2.08 करोड़, वसूली के निर्देश दूसरी ओर, प्रशासन हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड (HCL) से पिछले एक साल से 2 करोड़ 08 लाख रुपए का बकाया वसूल नहीं कर पाया है। कंपनी की ओर से इस राशि को जमा करने में कोई रुचि नहीं दिखाई जा रही है, जिसके बाद कलेक्टर ने वसूली के लिए सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। बैठक में कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों और राजस्व प्रकरणों के निराकरण में संतोषजनक कार्य न करने पर लामता के तहसीलदार और नायब तहसीलदार का वेतन रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व अधिकारियों को आरआरसी (राजस्व वसूली प्रमाणपत्र) प्रकरणों में वसूली के लिए चल-अचल संपत्ति की कुर्की और नीलामी की कार्रवाई करने के लिए भी निर्देशित किया।


