उदयपुर के सीआई और ‘सागवान’ फिल्म के अभिनेता हिमांशु सिंह डूंगरपुर पहुंचे। उन्होंने अपनी टीम के साथ फिल्म का प्रोमो लॉन्च किया। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि आदिवासी क्षेत्रों में शिक्षा की कमी के कारण कई तरह के अंधविश्वास फैले हुए हैं। ‘सागवान’ फिल्म इन अंधविश्वासों को दूर कर जागरूकता लाने में प्रभावी साबित होगी। हिमांशु सिंह ने बताया कि यह फिल्म 16 जनवरी को देश के 5 राज्यों के 150 सिनेमाघरों में एक साथ रिलीज की जाएगी। उन्होंने बताया कि फिल्म की शूटिंग प्रतापगढ़ जिले में की गई है।
फिल्म निर्माण और सीआई के रूप में अपनी ड्यूटी के दौरान आने वाली चुनौतियों के सवाल पर हिमांशु सिंह ने कहा कि उन्हें सरकार, पुलिस विभाग, प्रशासन और सभी लोगों का पूरा सहयोग मिला। सच्ची घटनाओं पर आधारित है फिल्म ‘सागवान’
उन्होंने यह भी बताया कि यह फिल्म सच्ची घटनाओं पर आधारित है। विशेष रूप से प्रतापगढ़, धरियावद और लसाड़िया जैसे क्षेत्रों में शिक्षा की कमी और अंधविश्वास के कारण कई घटनाएं होती हैं। फिल्म में इन्हीं घटनाओं को रोकने और लोगों में जागरूकता लाने का प्रयास किया गया है। हिमांशु सिंह ने अपनी पिछली फिल्म का भी जिक्र किया, जो चित्तौड़गढ़ में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ थी और काफी पसंद की गई थी। उन्होंने उम्मीद जताई कि ‘सागवान’ फिल्म भी दर्शकों को पसंद आएगी और लोग जागरूक होंगे।


