झारखंड में शराब कारोबारी का कर्मचारी लापता:मां ने एसपी से बेटे की तलाश की लगाई गुहार; 3 जनवरी से बंद है फोन

झारखंड के रामगढ़ में शराब कारोबार में कार्यरत नरसिंहपुर जिले के बरमान निवासी शुभम चौरसिया (28) लापता हो गए हैं। 3 जनवरी सुबह 10 बजे के बाद से उनका मोबाइल फोन बंद आ रहा है, जिससे परिजन चिंतित हैं। परिजनों के अनुसार, शुभम चौरसिया को लगभग छह महीने पहले शराब कारोबारी मनीष जाट, विवेक पटेल और उदल के कहने पर रामगढ़ में शराब की दुकान पर मुनीम के रूप में काम करने के लिए भेजा गया था। वह अपनी बुजुर्ग मां से रोज फोन पर संपर्क में रहता था। कारोबारी और एसपी से नहीं हो सका संपर्क शुभम से संपर्क टूटने के बाद परिजनों ने शराब कारोबारी मनीष जाट से लगातार संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उनका फोन नहीं उठा। वहीं, पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश मीना से भी संपर्क नहीं हो पाया है, जिससे मामले में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पा रही है। कारोबारी ने लगाया पैसे लेकर फरार होने का आरोप शुभम की बुजुर्ग मां ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर अपने बेटे का शीघ्र पता लगाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि शुभम सुरक्षित होते तो वह अवश्य संपर्क करते। शुभम की मां ने शराब कारोबारी से बात की, तो उन्होंने बताया कि शुभम उनका पैसा लेकर भाग गया है। फिलहाल न तो कारोबारी पक्ष से कोई जानकारी मिली है और न ही पुलिस स्तर पर कोई आधिकारिक बयान सामने आया है। इस घटनाक्रम ने झारखंड में शराब कारोबार से जुड़े मजदूरों और कर्मचारियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। परिजन जल्द से जल्द पुलिस कार्रवाई और युवक की सकुशल वापसी की मांग कर रहे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *