उमरिया जिले के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में अवैध रेत खनन के खिलाफ वन विभाग की टीम ने कार्रवाई की है। शुक्रवार को मानपुर बफर क्षेत्र में सिंगुड़ी बांध के पास एक नाले से अवैध रूप से रेत निकाली जा रही थी। इस दौरान टीम ने मौके से एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की है। सूचना मिलने पर दी दबिश वन विभाग की टीम को अवैध खनन की सूचना मिली थी। इसके बाद मानपुर बफर क्षेत्र के पीएफ 347 अंतर्गत सिंगुड़ी बांध के पास टीम ने दबिश दी। टीम को देखते ही ट्रैक्टर चालक और वहां मौजूद मजदूर वाहन छोड़कर मौके से भाग निकले। वाहन चौकी में खड़ा कराया टीम ने मौके से ट्रैक्टर-ट्रॉली (क्रमांक एमपी 54 एएफ 0754) को जब्त कर वन चौकी में खड़ा कराया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। सहायक संचालक बस उप्पल ने बताया कि जब्त वाहन पर पीओआर की कार्रवाई की गई है। वहीं परिक्षेत्र अधिकारी मुकेश अहिरवार ने बताया कि ट्रैक्टर मालिक की तलाश की जा रही है। अवैध खनन पर सख्ती टाइगर रिजर्व प्रशासन ने बताया कि संरक्षित वन क्षेत्र में किसी भी तरह का अवैध खनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने कहा कि जंगल क्षेत्र में निगरानी लगातार जारी रहेगी और नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


