कटनी जिले की बरही पुलिस ने अवैध शिकार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मुखबिर की सूचना पर एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से दो जिंदा देसी ‘सुअर मार’ बम बरामद किए गए हैं। आरोपी इन बमों का इस्तेमाल जंगल में जंगली जानवरों के शिकार के लिए करने की तैयारी में था। थाना प्रभारी शैलेन्द्र सिंह यादव ने बताया कि बरही क्षेत्र में लंबे समय से देसी बमों के जरिए जंगली जानवरों के शिकार की शिकायतें मिल रही थीं। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम पिपरिया कला-सिनगौडी रोड पर एक व्यक्ति विस्फोटक सामग्री लेकर आने वाला है। तालाब के पास पकड़ा गया आरोपी सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने पिपरिया कला तालाब के पास घेराबंदी की। वहां एक युवक को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन वह भागने लगा। पुलिस ने उसे चारों ओर से घेरकर मौके पर ही पकड़ लिया। दो देसी बम बरामद तलाशी के दौरान युवक के पास से काले रंग की पन्नी में रखे दो जिंदा देसी ‘सुअर मार’ बम मिले। ये बम सुतली और सफेद धागे से लपेटे गए थे, जो जंगली जानवरों को नुकसान पहुंचाने के लिए बनाए जाते हैं। आरोपी पर केस दर्ज पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम वारिश उर्फ अमिताभ पारधी (36), पिता कोचिस पारधी, निवासी खिरहनी, थाना बरही बताया। पुलिस ने बम जब्त कर लिए हैं और आरोपी के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम 1908 की धारा 5 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।


