भिंड में निकली धूप, लोगों को मिली राहत:रातभर छाया रहा घना कोहरा, सुबह से चली बर्फीली हवाएं

भिंड जिला पिछले कई दिनों से कड़ाके की ठंड की चपेट में था, लेकिन शुक्रवार को मौसम ने थोड़ी राहत दी। सुबह करीब नौ बजे धूप निकलने के बाद शहरवासियों ने सुकून की सांस ली। लगातार ठंड, कोहरा और बर्फीली हवाओं से परेशान लोगों को धूप के कारण दैनिक गतिविधियों में कुछ सहजता महसूस हुई। जनवरी माह की शुरुआत के साथ ही भिंड जिले में गलन भरी सर्दी ने दस्तक दे दी थी। दिन और रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही थी। बीते दिनों न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया था, वहीं अधिकतम तापमान भी 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ था। सर्द हवाओं और घने कोहरे के चलते सुबह और रात के समय जनजीवन खासा प्रभावित रहा। शुक्रवार की सुबह भी जिले में रातभर घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता लगभग 100 फीट के आसपास सिमट गई। सुबह के समय बर्फीली हवाओं के कारण ठंड का अहसास बना रहा, लेकिन जैसे-जैसे समय बढ़ा, कोहरा छंटने लगा और धूप निकल आई। धूप खिलते ही सड़कों पर आवाजाही बढ़ी और लोग ठंड से कुछ राहत महसूस करते नजर आए। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। पूर्वी और उत्तरी भारत से 5 से 7 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चल रही हैं। जिले में आद्र्रता का स्तर 93 प्रतिशत बना हुआ है, जिससे सुबह-शाम ठंड का असर अब भी महसूस किया जा रहा है। लगातार दो दिनों से धूप निकलने के कारण दिन और रात के तापमान में आंशिक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हालांकि, मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि सुबह और रात के समय अभी सतर्क रहने की जरूरत है। धूप के चलते बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर चहल-पहल बढ़ी है और लोग ठंड से कुछ राहत महसूस कर रहे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *