टीम इंडिया के वाइस कैप्टन श्रेयस अय्यर जयपुर में विजय हजारे ट्रॉफी में खेलने के बाद आज वडोदरा के लिए रवाना हो गए हैं। ऑस्ट्रेलिया दौरे पर चोट लगने के बाद इस टूर्नामेंट के जरिए उन्होंने अपनी फिटनेस साबित की। अब वडोदरा (अहमदाबाद) में इंडियन टीम के साथ न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे टूर्नामेंट खेलेंगे। टी-20 के धाकड़ बल्लेबाज अभिषेक शर्मा भी आज जयपुर से चंडीगढ़ के लिए रवाना हो गए है। इनके अलावा बॉलीवुड एक्ट्रेस चित्रांगदा सिंह और मशहूर कॉमेडियन जाकिर खान को भी आज जयपुर एयरपोर्ट पर देखा गया। दोनों यहां अपने-अपने प्रोग्राम में हिस्सा लेने आए हैं। जयपुर गारमेंट क्लब के इवेंट में शामिल होंगी चित्रांगदा सिंह
जयपुर गारमेंट क्लब के चंदन वन में होने वाले इवेंट में शिरकत करने के लिए बॉलीवुड एक्ट्रेस चित्रांगदा सिंह शुक्रवार को जयपुर पहुंचीं। कार्यक्रम में वह गारमेंट व्यापारियों को अवॉर्ड देंगी। आयोजन में देशभर से 1600 से अधिक गारमेंट व्यापारी हिस्सा ले रहे हैं। वहीं शनिवार को इस इवेंट में बॉलीवुड के मशहूर सिंगर सचेत-परम्परा की लाइव परफॉर्मेंस भी होगी, जिसे लेकर व्यापारियों और मेहमानों में खास उत्साह देखने को मिल रहा है। जाकिर खान का जयपुर में डबल धमाका
प्रसिद्ध कॉमेडियन जाकिर खान भी जयपुर पहुंचे हैं। जयपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा, “जयपुर मेरा घर है, यहां परफॉर्म करना हमेशा खास रहता है।” उनका ‘पापा यार’ नाम से लाइव शो 10 जनवरी को दीप स्मृति ऑडिटोरियम में आयोजित होगा। जाकिर खान जयपुर में एक ही दिन दो शो करेंगे। एक दोपहर 3 बजे और दूसरा शाम 7 बजे। इंडियन क्रिकेट टीम के खिलाड़ी जयपुर से रवाना
जयपुर एयरपोर्ट पर क्रिकेट सितारों की भी चहल-पहल रही। विजय हजारे ट्रॉफी में खेलने के बाद आज सुबह पंजाब टीम के खिलाड़ी जयपुर से रवाना हुए। टीम का प्रतिनिधित्व कर रहे क्रिकेट टीम के उभरते बल्लेबाज अभिषेक शर्मा दोपहर में चंडीगढ़ के लिए रवाना हुए। एयरपोर्ट पर उन्होंने अपने फैंस के साथ तस्वीरें खिंचवाईं और ऑटोग्राफ भी दिए। जयपुर में मैच खेलने के लिए वे दुबई से देर रात पहुंचे थे। श्रेयस अय्यर को फैंस बोले- कप्तान साहब
वहीं भारतीय क्रिकेट टीम के उप कप्तान श्रेयस अय्यर जयपुर से अहमदाबाद के लिए रवाना हुए। वे ब्लैक मास्क पहने हुए नजर आए और फैंस के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। श्रेयस अय्यर को ऑस्ट्रेलिया दौरे पर कैच लेते गंभीर चोट लग गई थी। चोट ठीक होने के बाद उन्होंने जयपुर में विजय हजारे ट्रॉफी के मैच खेलकर अपनी फिटनेस को साबित किया। वे अब वडोदरा में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले जाने वाले वनडे टूर्नामेंट में टीम से जुड़ेंगे। एयरपोर्ट पर उनके फैंस उन्हें “कप्तान साहब” कहकर संबोधित करते नजर आए।


