जिला परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग ने राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता और समझाइश अभियान चलाए। इन अभियानों का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों और वाहन ड्राइवरों को यातायात नियमों के प्रति सजग करना और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है। सैपऊ क्षेत्र के तसीमों स्थित शाहिद गवर्नमेंट इंग्लिश मीडियम स्कूल में एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें परिवहन निरीक्षक गौरव सक्सेना ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें विद्यार्थी जीवन से ही यातायात नियमों का पालन करने की आदत डालनी चाहिए। उन्होंने छात्रों को अच्छे ‘सेमेरिटर्न’ और मददगार बनकर राजस्थान सरकार की राहवीर योजना का भागीदार बनने के लिए प्रेरित किया। गौरव सक्सेना ने यह भी बताया कि अधिकांश लोग यातायात नियमों की जानकारी होने के बावजूद उनका पालन नहीं करते, इसलिए विद्यार्थियों को अपने परिवार और समाज को भी नियमों की पालना के लिए प्रेरित करना चाहिए। इस अवसर पर विद्यार्थियों को शपथ दिलाई गई और पंपलेट वितरित किए गए। स्कूल की प्रधानाचार्य बिंदु रानी ने ऐसे कार्यक्रमों को विद्यार्थियों के बौद्धिक विकास के साथ-साथ उन्हें सरकारी योजनाओं और नियमों की जानकारी प्रदान करने वाला बताया। कार्यक्रम में संजय कुमार अग्रवाल, पुष्पेंद्र कुमार शर्मा, सुनील कुमार, अर्जुन प्रताप सिंह, कमलेश शर्मा, हेमलता शर्मा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। वहीं, बाड़ी में जिला परिवहन अधिकारी गौरव यादव के निर्देशन में वाहन ड्राइवरों के साथ समझाइश अभियान चलाया गया। परिवहन निरीक्षक दीपक शर्मा ने टैक्सी स्टैंड पर ड्राइवरों को चेतावनी दी कि निजी वाहनों का व्यवसायिक उपयोग न करें, क्योंकि बिना टैक्सी परमिट वाहन चलाना अपराध है। जांच के दौरान छह वाहनों को जब्त कर चालान की कार्रवाई की गई। चालकों को यातायात नियमों की पालना की शपथ भी दिलाई गई। धौलपुर में शांति वाटिका पर जिला परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग और यातायात पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में भी अभियान चलाया गया। यातायात प्रभारी बलविंदर सिंह और परिवहन निरीक्षक श्रीकांत कुमावत ने ड्राइवरों को बिना दस्तावेज वाहन न चलाने, ओवरलोडिंग व ओवरस्पीड से बचने, कोहरे में सावधानी रखने, रिफ्लेक्टर टेप व डीपर का सही उपयोग करने और नो-पार्किंग में वाहन खड़ा न करने की हिदायत दी। इस अभियान में सहायक उप निरीक्षक महेश कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।


