कटनी में अवैध शराब के खिलाफ महिलाओं का प्रदर्शन:पुलिस-प्रशासन पर लापरवाही का आरोप, तत्काल कार्रवाई की मांग

कटनी में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ ग्रामीण महिलाओं ने मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को बरही थाना क्षेत्र के ग्राम कुदरेही और आसपास की महिलाओं ने एसपी कार्यालय का घेराव किया। उन्होंने डिप्टी कलेक्टर प्रदीप मिश्रा को एसपी और कलेक्टर के नाम एक ज्ञापन सौंपकर त्वरित कार्रवाई की मांग की। प्रभावशाली लोगों पर अवैध शराब बिक्री का सीधा आरोप ज्ञापन देने आईं मुन्नीबाई साहू ने गांव के कुछ प्रभावशाली लोगों पर अवैध शराब बिक्री का सीधा आरोप लगाया। महिलाओं ने अपनी लिखित शिकायत में बताया कि ग्राम कुदरेही निवासी राधे गिरि गोस्वामी, रोशन चौधरी और उमेश साहू खुलेआम शराब बेच रहे हैं। उनका आरोप है कि बरही थाने में कई बार शिकायत के बावजूद पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की, जिससे तस्करों के हौसले बुलंद हैं। महिलाएं बोलीं-नशे से सामाजिक माहौल बिगड़ रहा है प्रदर्शनकारी महिलाओं ने गांव के हालातों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि अवैध शराब की आसान उपलब्धता के कारण युवा नशे की चपेट में आकर अपना भविष्य बर्बाद कर रहे हैं। शराब के नशे में धुत असामाजिक तत्वों के कारण गांव की लड़कियों और महिलाओं के साथ छेड़खानी और अमानवीय व्यवहार की घटनाएं बढ़ रही हैं। नशे के कारण सड़क हादसों में भी वृद्धि हुई है, जिससे कई परिवार प्रभावित हो रहे हैं। दरअसल, कटनी में अवैध शराब को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा लगातार बढ़ रहा है। यह महज तीन दिन में दूसरी बड़ी घटना है। इससे पहले, स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र की महिलाएं शराब की पोटलियां लेकर एसपी दफ्तर पहुंची थीं और कार्यालय के सामने धरने पर बैठ गई थीं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *