डीडवाना की छात्राओं ने भारत विकास परिषद् बीकानेर द्वारा आयोजित प्रांतीय युवा प्रखर प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। छात्राओं ने प्रांत स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर डीडवाना का नाम रोशन किया। यह जानकारी मीडिया प्रभारी लोकेश अग्रवाल ने दी। यह प्रतियोगिता “कृत्रिम बुद्धिमत्ता मानव जीवन के लिए वरदान है” विषय पर आयोजित की गई थी। डीडवाना शाखा के प्रतिभागियों ने वाद-विवाद (विपक्ष) और आशुभाषण प्रतियोगिताओं में अपनी शानदार प्रस्तुतियां दीं। भारत विकास परिषद् शाखा डीडवाना के अध्यक्ष डॉ. गजादान चारण ने बताया कि कौशल्या सेन और रश्मि शर्मा के नेतृत्व में चार छात्राओं ने इसमें भाग लिया। इनमें छोटी देवी कॉलेज से दीक्षा थालौड़ और प्रियंका, तथा एस.के. ग्रीनवुड स्कूल से मोनिका शेखावत और नफीसा शामिल थीं। इन छात्राओं ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुतियों से निर्णायकों को प्रभावित किया। डॉ. चारण ने आगे बताया कि मोनिका शेखावत ने वाद-विवाद प्रतियोगिता (विपक्ष) में और दीक्षा थालौड़ ने आशुभाषण प्रतियोगिता में प्रांतीय स्तर पर प्रथम स्थान हासिल किया। इस अवसर पर रीजनल सचिव संस्कार विनोद सेन ने भारत विकास परिषद की स्थापना, उद्देश्य और कार्यप्रणाली पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि परिषद् देशभर में विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक और बौद्धिक कार्यक्रमों का आयोजन करती है। शाखा सचिव सुरेंद्र सोनी के अनुसार, विजेता छात्राओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को स्मृतिचिह्न और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। छात्राओं ने इस मंच को अपने व्यक्तित्व विकास और बौद्धिक क्षमता को निखारने के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।


