डूंगरपुर जिले के पीठ सलारेश्वर महादेव मंदिर परिसर में भाजपा की संगठनात्मक बैठक आयोजित हुई। इसमें चौरासी विधानसभा क्षेत्र के छह भाजपा मंडलों के पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक में एसआईआर, बीएलए-2 के गठन और आगामी पंचायतीराज चुनाव की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक पटेल रणोली ने की, जबकि पूर्व राज्यमंत्री सुशील कटारा मुख्य अतिथि रहे। विशिष्ट अतिथियों में जिला महामंत्री ईश्वर लाल लबाना, चौरासी विधानसभा प्रत्याशी व एसआईआर प्रभारी कारी लाल ननोमा, पूर्व प्रधान महेंद्र बरजोड़, जिला मीडिया प्रभारी गुणवंत कलाल और पूर्व जिला महामंत्री दीन दयाल सिंह चौहान शामिल थे। मुख्य अतिथि सुशील कटारा ने कहा कि एसआईआर लोकतंत्र को मजबूत करने की एक प्रक्रिया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से मतदाताओं की मदद करने का आह्वान किया, ताकि कोई भी पात्र वोटर सूची से बाहर न रहे। कटारा ने कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर मतदाताओं को जागरूक करने, नए मतदाताओं के नाम जुड़वाने में सहयोग करने और फर्जी मतदाताओं को हटाने में बीएलए-2 की भूमिका को मजबूत करने के निर्देश दिए। आगामी पंचायतीराज चुनाव के लिए रणनीति तय करते हुए मंडल अध्यक्षों को प्रत्येक मतदान केंद्र पर अनिवार्य रूप से बीएलए-2 टीम का गठन करने के निर्देश दिए गए। इसी दौरान भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) को एक बड़ा झटका लगा। बैठक में बीएपी के 11 सदस्यों ने पार्टी छोड़कर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। पूर्व राज्यमंत्री सुशील कटारा और भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक पटेल रणोली ने सभी नए सदस्यों का पार्टी का उपर्णा पहनाकर स्वागत किया।


