धौलपुर में छठी बटालियन आरएसी परिसर में शुक्रवार शाम 45वीं अंतर बटालियन (रेंज स्तरीय) पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता का समापन हुआ। इस प्रतियोगिता में छठी बटालियन आरएसी ने चैम्पियनशिप ट्रॉफी अपने नाम की। समापन समारोह के मुख्य मेहमान जिला परिषद सीईओ आव्हाद निवृति सोमनाथ रहे। प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न खेलों के मुकाबले आयोजित किए गए। विजेता टीमों और प्रतिभागियों को ट्रॉफी एवं प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक एवं कमाण्डेन्ट छठी बटालियन आरएसी विकास सांगवान ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार यह अंतर बटालियन (रेंज स्तरीय) पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता प्रतिवर्ष आयोजित होती है। इस वर्ष इसकी मेजबानी का दायित्व छठी बटालियन आरएसी को सौंपा गया था। डिप्टी कमाण्डेन्ट सुरेश सांखला और आयोजन टीम के प्रयासों से प्रतियोगिता का सफल आयोजन संभव हो पाया। समापन अवसर पर मुख्य मेहमान ने सभी खिलाड़ियों, अधिकारियों, टीम मैनेजर्स, कोच, रेफरी, आयोजन समिति और मेडिकल टीम को सफल आयोजन के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता में कुल 23 खेल स्पर्धाएं (पुरुष एवं महिला वर्ग) आयोजित की गईं। इनमें क्रॉस कंट्री, मैराथन, तीरंदाजी, कबड्डी, वॉलीबॉल, हैंडबॉल, फुटबॉल, बैडमिंटन और कुश्ती जैसे खेल शामिल थे। ये मुकाबले बटालियन परिसर, रिजर्व पुलिस लाइन, ब्रज अकादमी और इंदिरा गांधी स्टेडियम में हुए। इन स्पर्धाओं में द्वितीय, चतुर्थ, छठी, आठवीं, दसवीं, बारहवीं, चौदहवीं बटालियन आरएसी, हाड़ी रानी महिला बटालियन और महाराणा प्रताप बटालियन आरएसी की टीमों ने हिस्सा लिया। समापन समारोह में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीमों और खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर बटालियन मुख्यालय के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


