कोटा में हिस्ट्रीशीटर आदिल मिर्जा में पुलिस पर फायरिंग कर दी। और मौका फायदा उठाकर फरार हो गया। घटना का पता लगने पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। घटना कोटा ग्रामीण के सांगोद थाना क्षेत्र की है। दरअसल। शहर और ग्रामीण पुलिस की संयुक्त टीम हिस्ट्रीशीटर आदिल मिर्जा को पकड़ने के लिए लगातार दबिश दे रहीथी। पुलिस को उसकी लोकेशन सांगोद के किशनपुरा गांव में मिली। जिसके बाद शाम के समय पुलिस की टीम ने आदिल मिर्जा को घेर लिया। इसी दौरान खुले इलाके में आदिल मिर्जा ने पुलिस को देख लिया और आमना-सामना होते ही उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आदिल मिर्जा की कार पर गोली लगी।इसके बाद आदिल मिर्जा कार से उतरकर गांव के खुले क्षेत्र का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने तुरंत पूरे क्षेत्र में नाकाबंदी कर दी और बड़ी संख्या में पुलिस जाप्ता तैनात कर दिया गया है। चारों ओर सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। शहर एसपी तेजस्विनी गौतम ने बताया कि हिस्ट्रीशीटर आदिल मिर्जा को पकड़ने के लिए ग्रामीण और शहर पुलिस की टीम संयुक्त रूप से कार्रवाई कर रही थी। आरोपी ने पुलिस को देखकर पहले फायरिंग की, हालांकि इस दौरान किसी प्रकार की जनहानि या कोई घायल नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि सांगोद थाना पुलिस में आदिल मिर्जा के खिलाफ पुलिस पर फायरिंग का मामला दर्ज कर लिया गया है। वहीं ग्रामीण एसपी सुजीत शंकर ने कहा कि आदिल मिर्जा एक शातिर अपराधी है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने साफ कहा कि ऐसे जघन्य अपराध करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस का सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है।


