रीवा जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के नगर पंचायत वार्ड क्रमांक-7 में शुक्रवार को मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच करीब 20 मिनट तक सड़कों पर धुआंधार लाठीमार होती रही। सिर पर लाठियां बरसीं, खून बहने के बाद भी हमला नहीं रुका। मारपीट में दोनों पक्षों से चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पूरी घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। डर के मारे लोग घरों में दुबके
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुरेश कचेर और गणेश हलवाई व लवकुश हलवाई के बीच पहले कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों ने अपने-अपने लोगों को बुला लिया और देखते ही देखते लाठी-डंडों से हमला शुरू हो गया। हमलावरों ने लाठियों के साथ साइकिल और बड़े पत्थरों का भी इस्तेमाल किया। सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और लोग डर के कारण घरों में दुबक गए। देखिए तस्वीरें मौके पर पहुंची पुलिस ने हालात पर काबू पाया
मारपीट में सुरेश कचेर और उनके दो बेटे गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि दूसरे पक्ष से भी एक व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है। सुरेश कचेर निजी समाचार पत्र वितरण का कार्य करते हैं। सूचना मिलने पर बैकुंठपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाया। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जांच के बाद दोषियों पर होगी कार्रवाई
वार्ड में घटना के बाद तनाव बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि वीडियो फुटेज, मेडिकल रिपोर्ट और चश्मदीदों के बयान के आधार पर जांच की जा रही है। दोनों पक्षों की शिकायतें दर्ज की जा रही हैं और जांच के बाद दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


