खुलासा : अवैध संबंधों के कारण हुई थी युवक की हत्या, 3 गिरफ्तार

खड़गपुर| पश्चिम मेदिनीपुर जिले के केशपुर थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्या का मामला पुलिस ने उजागर किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि कथित रूप से पराई महिला के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पकड़े जाने के बाद एक युवक की बेरहमी से पीटकर कर हत्या कर दी गयी। मृतक की पहचान मीरपुर गांव निवासी शिशिर मल्लिक के रूप में हुई थी। जानकारी हो कि 23 दिसंबर को केशपुर ब्लॉक की एनायेतपुर ग्राम पंचायत अंतर्गत विश्वनाथपुर इलाके में महिला फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन चल रहा था। इसी दौरान शिशिर मल्लिक, उर्मिला हेम्ब्रम के घर उस वक्त पहुंचा, जब उसका पति सुनील हेम्ब्रम घर पर मौजूद नहीं था। आरोप है कि सुनील के मित्र संतु मल्लिक ने शिशिर को उर्मिला के घर में प्रवेश करते देख लिया और इसकी सूचना फोन पर सुनील को दे दी। फोन पर जानकारी मिलने के बाद सुनील हेम्ब्रम घर पहुंचा और कथित रूप से अपनी पत्नी को शिशिर के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखकर आपा खो बैठा। आरोप है कि पहले उसने पत्नी के साथ मारपीट की और फिर संतु मल्लिक के साथ मिलकर शिशिर की बुरी तरह पिटाई की थी। हत्या के बाद आरोपियों ने साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से देर रात शव को घर से कुछ दूरी पर कंसाई (कंसावती) नदी के तट पर ले जाकर गड्डा खोदकर दफना दिया था। पांच जनवरी को स्थानीय लोगों ने नदी किनारे रेत में दो कुत्तों को बार-बार खरोंचते देखा, जिससे संदेह उत्पन्न हुआ था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और खुदाई के बाद शिशिर का शव बरामद किया गया था।पुलिस के अनुसार शिशिर 23 दिसंबर से लापता था। परिजनों की ओर से 29 दिसंबर को केशपुर थाने में लापता होने का मामला दर्ज कराई गया था।इससे पूर्व दो जनवरी को शिशिर की साइकिल भी कंसावती नदी से बरामद हुई थी। छह जनवरी को मेदिनीपुर मेडिकल कॉलेज के शवगृह में शव का पोस्टमार्टम कराया गया था। जांच के क्रम में पुलिस ने उर्मिला हेम्ब्रम (25), उसके पति सुनील हेम्ब्रम (30) और संतु मल्लिक (30) को इस मामले में आरोपी के रूप में गिरफ्तार किया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *