भास्कर न्यूज | गढ़वा कल्याणपुर स्थित बलही डैम के मैदान में आयोजित मौलाना आज़ाद कॉस्को क्रिकेट टूर्नामेंट सीजन–8 का फाइनल मुकाबला रोमांच से भरपूर रहा। इस निर्णायक मैच में पठान इलेवन कल्याणपुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए डीहरिया इलेवन को 26 रनों से पराजित कर चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। जीत के बाद विजेता टीम के खिलाड़ियों और समर्थकों में खासा उत्साह देखा गया और मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पठान इलेवन कल्याणपुर की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। निर्धारित 12 ओवरों में टीम ने 142 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम के बल्लेबाजों में आकाश यादव का प्रदर्शन बेहतरीन रहा। उन्होंने बल्लेबाजी करते हुए 64 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। उनकी पारी में चौकों–छक्कों की झड़ी देखने को मिली। जिससे मैदान में मौजूद दर्शकों का उत्साह चरम पर पहुंच गया। अन्य बल्लेबाजों ने भी छोटी लेकिन महत्वपूर्ण पारियां खेलकर टीम के स्कोर को मजबूत आधार दिया। डीहरिया इलेवन की ओर से गेंदबाजी करते हुए राहुल कुमार सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने तीन महत्वपूर्ण विकेट अपने नाम किए। जबकि मिनी ने भी दो विकेट लेकर अपनी टीम को वापसी कराने की कोशिश की। हालांकि, विरोधी टीम का विशाल स्कोर उनकी कोशिशों पर भारी पड़ा। लक्ष्य का पीछा करने उतरी डीहरिया इलेवन की टीम ने जीत के इरादे से पारी की शुरुआत की। लेकिन नियमित अंतराल पर गिरते विकेटों ने टीम की लय बिगाड़ दी। निर्धारित 12 ओवर में टीम 116 रन ही बना सकी और 26 रनों से मुकाबला हार गई। डीहरिया इलेवन की ओर से इशू ने 22 रनों की उपयोगी पारी खेली। लेकिन उन्हें दूसरे छोर से अपेक्षित समर्थन नहीं मिल सका। पठान इलेवन की ओर से दीपक कुमार और भोला ने उम्दा गेंदबाजी करते हुए दो–दो विकेट चटकाए। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार आकाश खलको को दिया गया। जबकि पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन करने के लिए डीहरिया इलेवन के खिलाड़ी अमानत को मैन ऑफ द सीरीज चुना गया। पुरस्कार स्वरूप उन्हें रेंजर साइकिल प्रदान की गई।।जिसे पाकर खिलाड़ी खुशी से झूम उठे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित झामुमो नेता जैनुल आबेदीन खान (मदनी खान)ने विजेता और उपविजेता टीम के खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि आज क्रिकेट केवल खेल ही नहीं, बल्कि करियर का बेहतर विकल्प भी बन चुका है। ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभावान खिलाड़ी यदि समर्पण और कड़ी मेहनत करें तो वे राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बना सकते हैं। इस अवसर पर मौजूद डॉ. अरशद अंसारी ने कहा कि किसी भी खेल को खेल भावना से खेलना चाहिए। जीत–हार खेल का हिस्सा है। इसलिए खिलाड़ियों को हार से निराश न होकर अपने प्रदर्शन में सुधार की दिशा में काम करना चाहिए। खेल से आपसी प्रेम, अनुशासन और टीम भावना का विकास होता है। आयोजन समिति के संरक्षक कुतुबुद्दीन खान ने लोगों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यदि अगले वर्ष भी लोगों का इसी तरह का सहयोग मिलता रहा तो इससे भी भव्य स्तर पर प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा, जिसमें जिला स्तरीय टीमें भी भाग लेंगी। उन्होंने बताया कि इस टूर्नामेंट का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र में खेलों को बढ़ावा देना और युवाओं की प्रतिभा को मंच प्रदान करना है। इस अवसर पर एसडीएम संजय कुमार, डॉ अरशद अंसारी, शंभु राम, मेदनी ख़ान, तनवीर आलम, धीरज दुबे, जवाहर पासवान, समसुदीन अंसारी, कल्याणपुर मुखिया अशोक चंद्रवंशी, चंदन जायसवाल, मासूम ख़ान, आयोजन समिति के अध्यक्ष मैनुल अंसारी, सचिव गौतम चंद्रवंशी, कोषाध्यक्ष सूरज चंद्रवंशी, उपसचिव सुनील पासवान, आशीष शर्मा, उपाध्यक्ष धनंजय पासवान, महमूद अंसारी, मीडिया प्रभारी नैयर अंसारी, शमी अहमद, आयोजनकर्ता फारूख अंसारी, खुर्शीद अंसारी, इमरान अंसारी उर्फ भोलू, तबारख़ अंसारी, अलीम अंसारी, अफरोज खान, इस्तेखार अंसारी, उपेंद्र पासवान (कॉमंटेरर) इमरान अंसारी, फ़ारूख़ अंसारी सहित कई लोग उपस्थित थे।


