श्रीगंगानगर| स्वामी समाज सभा, श्रीगंगानगर द्वारा स्वामी श्री रामानंदाचार्य जयंती के अवसर पर निशुल्क मेडिकल परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। समाज के अध्यक्ष संतराम स्वामी ने बताया कि इस शिविर का आयोजन जनसेवा हॉस्पिटल (टांटिया यूनिवर्सिटी) के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 9 बजे इच्छापूर्ण दरबार में भगवान श्री राम जी को माल्यार्पण कर हुई। इसके बाद हनुमान चालीसा, हनुमान अष्टक और श्री राम स्तुति का पाठ कोषाध्यक्ष सत्यनारायण स्वामी की अगुवाई में समाज जनों द्वारा किया गया। भगवान श्री राम को भोग अर्पित कर आरती की गई। तत्पश्चात स्वामी श्री रामानंदाचार्य जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए गए और उनकी शिक्षाओं पर चलने हेतु समाज के प्रबुद्ध नागरिकों ने विचार साझा किए। डॉ. मुकेश स्वामी ने स्वामी श्री रामानंदाचार्य जी की जीवनी पर प्रकाश डाला। मेडिकल शिविर में जनसेवा हॉस्पिटल के अस्थि रोग विशेषज्ञ, नाक-कान-गला रोग विशेषज्ञ, स्त्री रोग विशेषज्ञ, नेत्र रोग विशेषज्ञ, शिशु रोग विशेषज्ञ और जनरल फिजिशियन ने निशुल्क परामर्श प्रदान किया। कुल 120 रोगियों की जांच और सलाह दी गई। कार्यक्रम में कॉफी और पकौड़े का लंगर भी लगाया गया। संरक्षक काशीराम स्वामी, आत्माराम स्वामी, सुभाष स्वामी प्रधान, मदन स्वामी, सुरेश स्वामी सहित समाज के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


