भास्कर संवाददाता | श्रीगंगानगर क्षेत्र के एथलीटों के लिए खुशखबर है। पटियाला व बेंगलुरु की तर्ज पर अब महाराजा गंगासिंह स्टेडियम में हाई परफॉर्मेंस ट्रेनिंग सेंटर बनेगा। इसमें 1.56 करोड़ की लागत से हाइड्रोलिक उपकरण लगाए जाएंगे। सेंटर खुलने के बाद राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को एक्सरसाइज की सुविधा मिल सकेगी। इस सेंटर के लिए महाराजा गंगासिंह स्टेडियम में 36 लाख की लागत से कडीशनिंग/ स्ट्रेंथ ट्रेनिंग हॉल बनकर तैयार हो चुका है। महाराजा गंगासिंह स्टेडियम में हाई परफॉरमेंस ट्रेनिंग सेंटर के लिए जिला नवाचार निधि योजना व यूआईटी की ओर से 36 लाख रुपए की लागत से कंडीशनिंग हाल/ स्ट्रेंथ ट्रेनिंग हॉल का निर्माण कार्य करवाया गया है। जिला प्रशासन को मिले सीएसआर फंड से इस सेंटर में एथलीटों के एक्सरसाइज के लिए हाइड्रोलिक इक्यूपमेंट लगाए जाएंगे। आगामी तीन माह से ये आधुनिक हाइड्रोलिक मशीनें लगाने का काम पूरा कर लिया जाएगा। सेंटर शुरू होने के साथ ही नेशनल व इंटरनेशनल स्तर के एथलीटों को यहां पे एंड प्ले स्कीम के तहत निर्धारित शुल्क पर एक्सरसाइज की सुविधा मिलनी शुरू हो जाएगी। महाराजा गंगासिंह स्टेडियम में प्रदेश की जूनियर एथलेटिक्स एकेडमी और खेलो इंडिया सेंटर संचालित है। इनके अलावा भी राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय स्तर के एथलीट यहां खेल अभ्यास करते हैं। स्टेडियम में सिंथेटिक ट्रैक की सुविधा पहले से ही है तथा यहां एथलीटों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधा मिल रही है। अब हाई परफॉर्मेंस सेंटर की सुविधा मिलने के बाद यहां अंतरराष्ट्रीय स्तर के एथलीटों को मिलने वाली हाइड्रोलिक मशीनों से एक्सरसाइज का लाभ भी मिलना शुरू हो जाएगा। हाई परफॉर्मेंस ट्रेनिंग सेंटर के एथलीटों को ये दो बड़े लाभ: हाइड्रोलिक मशीनों से एक्सरसाइज से एथलीटों को चोट लगने की आशंका नहीं रहेगी तथा ट्रेनर की देखरेख में एक्सरसाइज कर सकेंगे। एथलीट खेल अभ्यास के दौरान होने वाली इंजरी से उबरने के लिए भी इन मशीनों से ट्रेनर की देखरेख में एक्सरसाइज कर सकेंगे। ^ सीएसआर के तहत मिले 1.56 करोड़ रुपए की लागत से हाइड्रोलिक इक्यूपमेंट यहां इस सेंटर में लगाए जाने हैं। इसके लिए बजट जारी कर दिया गया है। जल्द ही यहां उत्कृष्ट एथलीटों को इस सेंटर की सुविधा मिलनी शुरू हो जाएगी। -गिरधर बेनीवाल, सीईओ जिला परिषद, श्रीगंगानगर सुरेंद्र बिश्नोई, जिला खेल अधिकारी महाराजा गंगासिंह स्टेडियम में एथलीटों के लिए स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय स्तर की सिंथेटिक ट्रैक पर खेल अभ्यास की सुविधा पहले से ही है। अब हाई परफॉर्मेंस ट्रेनिग सेंटर से हमारे यहां भी पटियाला व बेंगलुरु की तरह अंतरराष्ट्रीय स्तर की एक्सरसाइज की सुविधा उत्कृष्ट एथलीटों को मिलनी शुरू हो जाएगी। इससे प्रतिभाओं को खेल क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। वहीं युवा प्रोत्साहित भी होंगे।


