कोचिंग छुट्टी के समय असामाजिक तत्व बढ़े

भांडेर| नगर में कोचिंग संस्थानों की छुट्टी के समय असामाजिक तत्वों की गतिविधियों से माहौल लगातार बिगड़ता जा रहा है। इसे लेकर भारतीय सामाजिक सुरक्षा संगठन भांडेर ने चिंता व्यक्त करते हुए थाना प्रभारी से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। संगठन के पदाधिकारियों के अनुसार प्रतिदिन शाम 4 से 7 बजे के बीच, जब कोचिंग से छात्राएं घर लौटती हैं, उसी समय कुछ युवक बाइक से बार-बार गुजरते हैं। बुलेट बाइक की तेज आवाज, फालतू टिप्पणियां और जानबूझकर पास से निकलने जैसी हरकतों से छात्राओं को परेशानी और डर का सामना करना पड़ रहा है। संगठन को लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पदाधिकारियों ने स्वयं मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया, जिसमें समस्या गंभीर पाई गई। भैरवजी मंदिर से घटिया बाजार होते हुए खटकयाने की पुलिया तक का क्षेत्र अधिक प्रभावित बताया गया है। संगठन ने असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और कोचिंग की छुट्टी के समय नियमित पुलिस गश्त लगाने की मांग की है, ताकि छात्राओं में सुरक्षा की भावना बनी रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *