सागर | शहर में जारी कड़ाके की ठंड और कोल्ड डे जैसे हालातों से शुक्रवार को राहत मिली। आसमान साफ होने और हवा का रुख बदलने से दिन के तापमान में 4.4 डिग्री की बढ़त दर्ज की गई। शुक्रवार को शहर का अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस तक चढ़ गया। इससे ठिठुर रहे लोगों को राहत मिली। केवल दिन ही नहीं, बल्कि रात के तापमान में भी स्थिरता देखी गई है। शहर का न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि रात में अभी भी हल्की ठिठुरन बरकरार है, लेकिन पिछले दिनों के मुकाबले यह कम है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि उत्तर भारत में सक्रिय हुए एक नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण बर्फीली हवा का सिलसिला थम गया है, इस कारण तापमान में यह उछाल आया है। 11 जनवरी से फिर ठंड बढ़ सकती है। अधिकतम तापमान गिर सकता है।


