रायपुर में ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 50 लाख 35 हजार रुपए नकद, कार, लैपटॉप और मोबाइल जब्त किए गए हैं। गंज थाना क्षेत्र के सिंधु भवन पार्किंग के पास कार में बैठकर आरोपी ऑनलाइन सट्टा चला रहे थे। पुलिस के अनुसार गुरुवार को एसीसीयू टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ युवक कार में बैठकर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना पर एसीसीयू और गंज थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर घेराबंदी की। पुलिस को देख आरोपी भागने लगे, लेकिन उन्हें पकड़ लिया गया। कार में रितेश गोविंदानी (32), मो. अख्तर (32), विक्रम राजकोरी (32) और सागर पिंजानी (30) सवार थे। जांच में सामने आया कि आरोपी Allpanelexch.com, Power7777.com, Powerexch.com और Classicexch99.com जैसी ऑनलाइन बेटिंग साइट्स की मास्टर आईडी और आईडी के जरिए सट्टा संचालित कर रहे थे। रितेश और सागर मास्टर आईडी कमीशन पर देते थे, जबकि अख्तर और विक्रम ग्राहकों को आईडी उपलब्ध कराते थे। पुलिस ने आरोपियों से 2 लैपटॉप, 10 मोबाइल, पासपोर्ट, एटीएम कार्ड, चेकबुक और कैलकुलेटर भी जब्त किए हैं। ग्राहकों की जानकारी जुटाकर आगे कार्रवाई की जा रही है।


