मैहर के अमरपाटन थाना इलाके में पुलिसकर्मी की ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर अनंतराम पटेल नाम के युवक ने गुरुवार देर रात फांसी लगा ली। शुक्रवार सुबह उसका शव पेड़ पर लटका मिला। उसने चार पन्नों का सुसाइड नोट लिखा है। वीडियो भी बनाया। दोनों को सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। सुसाइड नोट में अनंतराम ने चार लोगों पर झूठे आपराधिक केस में फंसाने की धमकी देकर 5 लाख रुपए वसूलने का गंभीर आरोप लगाया है। इनमें अमरपाटन थाने के हेड कॉन्स्टेबल लक्ष्मी रावत का नाम भी शामिल है। उसका मोबाइल नंबर भी सुसाइड नोट में लिखा है। देर रात एसपी अवधेश प्रताप सिंह ने मामले में संज्ञान लिया। हेड कॉन्स्टेबल लक्ष्मी रावत को लाइन हाजिर कर दिया गया। सिंह का कहना है कि अनंतराम के बैंक खातों की जांच शुरू कर दी गई। कुछ दिन पहले एक युवती की गुमशुदगी दर्ज हुई थी। युवती ने अपहरण का आरोप अनंतराम पर लगाया था। इस मामले की भी पड़ताल करा रहे हैं। धमकी दी- पैसे दो, वरना झूठे केस में फंसा देंगे
अनंतराम ने सुसाइड से पहले बनाए गए वीडियो में कहा- हम मरने जा रहे हैं। हमें मारने वाले हैं रामगोपाल, रेशमा, सुधा, हिमांशु। इन्होंने हमसे 5 लाख रुपए ठगे हैं। ये लोग हमें ब्लैकमेल करते थे कि झूठे केस में फंसा देंगे। रामगोपाल ने हमसे 2 लाख लिए हैं। रेशमा ने 40 हजार लिए हैं। सुधा 50 हजार ली है। हिमांशु ने 50 हजार लिए हैं। ये लोग हमें लगातार प्रताड़ित कर रहे हैं। कल भी रामगोपाल ने हमसे 3 लाख रुपयों की मांग की है। मैं कहां से लाऊं इतने पैसे। इन्होंने हम पर दबाव बनाया कि पैसे दो, वरना झूठे केस में फंसा देंगे इसलिए हम मरने जा रहे हैं। इन लोगों ने हमें बहुत प्रताड़ित किया है। अब पुलिस वाले कोल जी हैं, जिनका मैंने सुसाइड नोट में नंबर लिखा है। उन्होंने आज 8 जनवरी को मुझसे 1 लाख रुपए लिए हैं। 1 लाख रुपए की और मांग कर रहे हैं। कहते हैं कि 1 लाख और दो, वर्ना मुकदमा कर दूंगा इसलिए हम मर रहे हैं। इनके ऊपर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। भाई ने कहा- घर से ले गए थे पुलिसवाले
अनंतराम का शव सड़क किनारे कदंब के पेड़ से फांसी के फंदे पर लटका मिला। पुलिस मौके पर पहुंची तो परिजन ने विरोध जताया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए लेकर जाने से रोक दिया। अनंतराम के चचेरे भाई संदीप कुमार पटेल बोले- कल रात पुलिस की ‘112’ गाड़ी आमरपाटन थाने से आई थी। उसमें ड्राइवर के अलावा कांस्टेबल रावत सवार थे। उन्होंने अनंत के 14 साल के बेटे को गाड़ी में बैठाया। उससे पूछा कि तुम्हारा खेत कहां है? उसे लेकर खेत पहुंचे। यहां से अनंतराम को ले जाने लगे। घर की औरतों को अभद्रता से संबोधित किया। कहा- कल थाने आकर इसे ले जाना। कॉन्स्टेबल रावत ने शराब पी रखी थी। मैं वीडियो रिकॉर्ड कर रहा था, तो उसने मेरा मोबाइल बंद करवा दिया। इसके बाद आज सुबह 6 बजे अनंतराम की लाश पेड़ पर लटकी मिली। उसे कोचिंग जा रहे बच्चों ने सबसे पहले देखा। पैसों के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया
संदीप ने कहा- जो पुलिस वाला कल आया था, उसने मुझे अपना फोन नंबर दिया था। वही नंबर सुसाइड नोट में लिखा है। मैंने इस नंबर पर फोन लगाया तो उसने कहा- कल से मेरा अनंत से कोई कॉन्टैक्ट नहीं हुआ। पता नहीं, इन लोगों ने रातभर उसके साथ क्या किया? बात क्या थी, घर वालों को कुछ खास पता नहीं था। कोई रामगोपाल नाम के मास्टर थे, कठहा गांव के। वे लोग पैसों के लिए प्रताड़ित कर रहे थे। उन लोगों ने अनंत से पैसे भी लिए थे। करीब 5 लाख रुपए ले चुके थे। कल जो पुलिसवाले आए थे, उन्होंने भी तकरीबन 1 लाख रुपए लिए थे। आज 1 लाख रुपए लेकर रूम पर आने के लिए कहा गया था, ताकि रिपोर्ट से नाम कट जाए। बेटी बोली- अंतिम संस्कार के लिए भी पैसे नहीं
अनंतराम की बेटी खुशी पटेल ने कहा- घर में अंतिम संस्कार के लिए भी पैसे नहीं है। वहीं संदीप बोले- हमारी मांग यही है कि जो पैसे उनसे लिए गए हैं, उसके दोगुने परिवार को वापस किए जाएं। दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई होनी चाहिए। अनंत के छोटे-छोटे बच्चे हैं। जब पुलिस ही इस तरह का काम करेगी, तो आम लोग कहां जाएंगे। ये खबर भी पढे़ं… MBBS छात्र ने 5वीं मंजिल से कूदकर किया सुसाइड भोपाल के कोलार इलाके में स्थित प्रीमियम टावर कॉलोनी में एमबीबीएस छात्र ने पांचवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि छात्र पिछले तीन महीनों से अपनी महिला मित्र द्वारा अनदेखा किए जाने से मानसिक तनाव में था। पढ़ें पूरी खबर…


