श्रीगंगानगर| हनी ट्रैप के एक मामले में करीब 8 माह से फरार चल रहे एक युगल को हनुमानगढ़ जंक्शन थाना इलाके के सुरेशिया मोहल्ला से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार यह युगल गत वर्ष 29 अप्रैल को श्रीगंगानगर के पुरानी आबादी थाना में अपने खिलाफ हनी ट्रैप का मामला दर्ज होने का पता चलते ही फरार हो गया था। तब से उसकी तलाश की जा रही थी। मामले की जांच डीएसपी (अजा/जजा) विष्णु खत्री कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार केसरीसिंहपुर थाना क्षेत्र के गांव अरायण निवासी रमेश की ओर से दी गई रिपोर्ट के आधार पर पुरानी आबादी थाना में 29 अप्रैल 2025 को एक महिला और एक पुरुष के खिलाफ हनी ट्रैप के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस के अनुसार इस मामले में अब नीतू चौधरी निवासी मगलूना नेच्छवा जिला सीकर तथा उसके साथ लिव इन रिलेशनशिप में रहने वाले सुधीर निवासी शेरेकां थाना टिब्बी को गिरफ्तार किया गया है। यह दोनों गत कुछ समय से हनुमानगढ़ जंक्शन थाना क्षेत्र के सुरेशिया मोहल्ला में रह रहे थे। घटना के समय दोनों पुरानी आबादी में एक किराए के मकान में रह रहे थे।


