भास्कर न्यूज | अंबिकापुर शहर से लगे बनारस रोड में चठिरमा के पास तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो को टक्कर मार दी। टक्कर से ऑटो का चालक सड़क पर गिरा तो ट्रक के चक्के के नीचे आ गया और कुचलकर उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि ऑटो चालक विकास पासवान 35 वर्ष शुक्रवार शाम को बनारस रोड में अंबिकापुर तरफ आ रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने चठिरमा के पास उसे टक्कर मार दी। विकास ऑटो सहित नीचे गिरा और ट्रक के चक्के के नीचे कुचलकर उसकी मौत हो गई। पता चलने पर पुलिस पहुंची और शव को मेडिकल कॉलेज अस्पताल की मरच्यूरी में रखवाया। पता चलने पर विकास के रिश्तेदार पहुंचे। पुलिस ने बताया कि विकास पासवान मूलत: झारखंड का रहने वाला था। वह अंबिकापुर के गंगापुर में अपने जीजा के साथ रहता था और यहां ऑटो चलाता था। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। गौरतलब है कि तेजरफ्तार गाड़ियों पर लगाम लगाने पुलिस नाकाम साबित हो रही है, जिससे लोग हादसे का शिकार हो रहे हैं।


