भास्कर न्यूज | बैकुंठपुर एमसीबी और कोरिया जिले के ग्रामीण व पिछड़े क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की पहल पर नगर निगम चिरमिरी के कोरिया कॉलरी और जनपद खड़गवां के ग्राम पंचायत जरौंधा में नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्थापित करने की स्वीकृति दे दी गई है। चिरमिरी के कोरिया कॉलरी क्षेत्र के लिए यह निर्णय किसी वरदान से कम नहीं है। बता दें कि 15 वर्ष पूर्व खदान बंद होने के साथ ही यहां एसईसीएल द्वारा संचालित अस्पताल भी बंद हो गया था। इसके बाद से स्थानीय निवासियों को छोटी-छोटी बीमारियों के इलाज के लिए भी 30 किमी दूर बैकुंठपुर जाना पड़ता था। अब स्थानीय स्तर पर अस्पताल खुलने से हजारों लोगों की यह बड़ी समस्या दूर हो जाएगी। इसी तरह खड़गवां जनपद के ग्राम पंचायत जरौंधा की दूरी अधिक होने के कारण ग्रामीणों को समय पर उपचार नहीं मिल पा रहा था। ग्रामीणों ने स्थानीय विधायक से अस्पताल की मांग की थी, जिसे वित्तीय वर्ष 2024-25 के बजट में शामिल करते हुए अब अमली जामा पहना दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने इन केंद्रों के सुचारू संचालन के लिए पदों की स्वीकृति भी जारी कर दी है। दोनों केंद्रों के लिए कुल 24 पदों (प्रत्येक में 12) पर भर्ती की जाएगी, जिनमें चिकित्सा अधिकारी एवं ग्रामीण चिकित्सा सहायक, फार्मासिस्ट (ग्रेड-2) व लैब तकनीशियन, स्टाफ नर्स (03 पद) व महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता, सहायक ग्रेड-3, वार्ड बॉय और आया (2 पद) शामिल हैं।


