भास्कर न्यूज | बैकुंठपुर/पटना जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन करने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन ने कार्रवाई की है। खनिज विभाग और राजस्व टीम ने संयुक्त दबिश देते हुए बैकुंठपुर, चरचा व पटना तहसील क्षेत्रों से कुल 8 वाहनों को जब्त किया है। जांच के दौरान टीम ने जब खनिज परिवहन कर रहे वाहनों को रोककर उनसे रॉयल्टी पर्ची और वैध दस्तावेज मांगे, तो वाहन चालक कोई भी कागजात पेश नहीं कर सके। बिना अनुमति और अवैध रूप से खनिज परिवहन करने के कारण इन सभी वाहनों को तत्काल जब्त कर लिया गया। कार्रवाई के बाद जब्त किए गए सभी ट्रैक्टरों को सुरक्षित रखने के लिए थाना पटना व थाना चरचा की अभिरक्षा में भेज दिया गया है। खनिज विभाग ने मौके पर ही जब्ती पंचनामा तैयार किया और अब खनिज नियमों के तहत आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। बता दें कि संयुक्त टीम ने वाहन मालिक सतीश यादव, जयप्रकाश साहू, इमरान अहमद, अवधेश, जगतपाल, सत्यनारायण, संतोष साहू और देवीदयाल के ट्रैक्टरों को जब्त किया है।


