115 चालकों की जांची आंखें, 27 की नजर कमजोर

भास्कर न्यूज | बैकुंठपुर सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने और सुरक्षित सफर सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कोरिया जिले में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत विशेष पहल की जा रही है। केंद्रीय सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्रालय और पुलिस मुख्यालय रायपुर के निर्देशानुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 43 पर चलने वाले भारी व हल्के वाहन चालकों के लिए निशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. मधुरिमा पैकरा और उनकी टीम ने कुल 115 वाहन चालकों की आंखों की सूक्ष्मता से जांच की। जांच के दौरान दूर दृष्टि दोष के 13 चालकों की दूर की नजर कमजोर पाई गई। 14 चालकों को पास की वस्तुएं देखने में कठिनाई मिली। 2 चालकों में रंगों की पहचान न कर पाने (कलर ब्लाइंडनेस) की गंभीर समस्या मिली। चिकित्सकों ने कमजोर दृष्टि वाले चालकों को तत्काल पावर का चश्मा बनवाने की सलाह दी और स्पष्ट किया कि दृष्टि दोष के साथ वाहन चलाना न केवल उनके लिए बल्कि दूसरों के लिए भी जानलेवा हो सकता है। यातायात प्रभारी उप निरीक्षक बीरबल राजवाड़े ने बताया कि जिले में 31 जनवरी तक राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह मनाया जा रहा है। इसके तहत केवल जांच ही नहीं, बल्कि जागरूकता रथ, बैनर, पोस्टर और पंपलेट के माध्यम से भी लोगों को नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। शिविर के सफल आयोजन में सहायक उप निरीक्षक किशुन राम भगत, आरक्षक गौतम टेकाम, विश्वनाथ सिंह, हवलदार महेश मिश्रा और सैनिक राजेश साहू की प्रमुख भूमिका रही। साथ ही पंडित ज्वाला प्रसाद उपाध्याय शासकीय कॉलेज के एनएसएस स्वयंसेवकों संजीव राजवाड़े, कमलेश्वर यादव और गोलेश्वर राजवाड़े ने भी अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *