श्रीगंगानगर में न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री रिकार्ड:घने कोहरे की चपेट में जिला, विजिबिलिटी 5 मीटर से कम

श्रीगंगानगर जिले में कोहरे और तेज ठंड का कहर लगातार जारी है। जिलेभर में घना कोहरा छाया हुआ है जिसके कारण विजिबिलिटी 5 मीटर से कम बनी हुई है। कोहरे के कारण सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थम चुकी है और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वाहन चालक दिन में भी वाहनों की हेडलाइट जलाकर चल रहे हैं। मौसम राडार स्टेशन, श्रीगंगानगर पर शनिवार सुबह न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री रिकार्ड किया गया। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री और अधिकतम तापमान 15.2 डिग्री रिकार्ड किया गया। इससे पहले गुरुवार को यहां न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री और अधिकतम तापमान 12.3 डिग्री रिकार्ड किया गया। शीतलहर और कोहरे के कारण न्यूनतम तापमान में 1.9 डिग्री की गिरावट आई है। शुक्रवार को तीन दिन बाद अच्छी धूप निकली, जिससे अधिकतम तापमान में 2.9 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज हुई और पारा 15.2 डिग्री पर पहुंच गया। हालांकि, ठंडी हवाओं के कारण धूप के बावजूद ठिठुरन बनी रही। सूर्यास्त के बाद ठंड फिर से तेज हो गई जिससे रात में कंपकंपी बढ़ गई। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले एक सप्ताह तक मौसम ड्राई बना रहेगा। पश्चिमी, उत्तरी और पूर्वी राजस्थान के कुछ भागों में अगले 2-3 दिनों तक घना कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है। साथ ही, न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री की और गिरावट आने की संभावना है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *